डाॅ. शांडिल 21 जून को सोलन के प्रवास पर

सोलन : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल 21 जून, 2023 को सोलन ज़िला के प्रवास पर आ रहे हैं।

डाॅ. शांडिल 21 जून, 2023 को प्रातः 07.00 बजे औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन के मैदान में 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री तदोपरांत दोपहर बाद 1.30 बजे उपायुक्त कार्यालय सोलन में राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेले से सम्बन्धित प्रेस वार्ता को सम्बोधित करेंगे।

डाॅ. शांडिल तत्पश्चात दोपहर बाद 02.10 बजे कल्याण भवन सोलन में हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति विकास निगम और हिमाचल प्रदेश महिला विकास निगम द्वारा आयोजित जागरूकता व प्रचार शिविर की अध्यक्षता करेंगे।

 

बेबी शो 25 जून को किया जाएगा आयोजित

सोलन: राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेले के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन के सौजन्य से बेबी शो का आयोजन ऐतिहासिक ठोडो मैदान सोलन में 25 जून, 2023 को किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने दी। डाॅ. राजन उप्पल ने कहा कि बेबी शो में अभिभावक 0 से 05 वर्ष आयु वर्ग के अपने बच्चों को प्रतिरक्षण कार्ड सहित लाएं। उन्होंने कहा कि 25 जून, 2023 को बच्चों का पंजीकरण प्रातः 09.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि बेबी शो का मूल्यांकन बेबी के प्रतिरक्षण, उम्र के अनुसार वज़न, लम्बाई, विकास तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के मापदंडों पर निर्धारित होगा।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन के सौजन्य से ही बच्चों को पुरस्कार, जलपान आदि की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने सभी अभिभावकों से इस शो में भाग लेने का आग्रह किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-224181 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

शिमला से पहले सैंज में स्थापित होगी पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की प्रतिमा

शिमला : शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर भले ही पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित न हो पाई हो लेकिन शिमला के सैंज में उनकी प्रतिमा स्थापित हो गई है। जिसका अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर 23 जून को किया जाएगा। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री इस प्रतिमा का अनावरण करेंगे। सैंज में स्थापित होने वाली प्रतिमा का निर्माण हिमालयन वेलफेयर एसोसिएशन ने किया है।
बता दें कि इससे पूर्व प्रतिमा को रिज पर स्थापित करने की तैयारी चल रही थी। लेकिन अभी तक उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं कि गई है। हालांकि नगर निगम शिमला ने बाकायदा बैठक कर प्रस्ताव भी पारित किया था। इस प्रस्ताव की एक प्रति प्रदेश सरकार को भेजी गई है। प्रदेश सरकार को रिज पर प्रतिमा स्थापित करने की मंजूरी देनी है, लेकिन तय समय पर मंजूरी न मिल पाने की वजह से प्रतिमा को अब सैंज में स्थापित किया जा रहा है। सैंज में तैयार की गई प्रतिमा आदमकद की है। इसे संस्था ने अपने खर्च से बनाया है।
नगर निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को स्थापित करने का प्रस्ताव पारित हो चुका है। इस प्रस्ताव को प्रदेश सरकार के सुपुर्द किया गया है। अब प्रदेश सरकार प्रतिमा स्थापित करने के लिए बजट का प्रावधान करेगी और उसके बाद पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य सरकार की तरफ से रिज पर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर कोई भी अधिसूचना नगर निगम को नहीं मिली है।

जुब्बल कोटखाई में सड़कों के सुधारीकरण पर खर्च होंगे 300 करोड़ : शिक्षा मंत्री

शिमला : जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के सुधारीकरण पर लगभग 300 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएंगी, जिस से क्षेत्र में आवागमन की सुगम सुविधा लोगों को उपलब्ध होंगी। यह बात आज शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई उपमंडल के ग्राम पंचायत हिमरी एवं घुंड में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हम विकास की कल्पना सड़कों के बिना नहीं कर सकते। सड़कें हमारी भाग्य रेखाएं है जिसके दृष्टिगत मजबूत सड़कों का आधारभूत ढांचा तैयार करना हमारी सरकारी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का सब से अधिक घनत्व जुब्बल कोटखाई में है। इन सड़कों के सुधारीकरण के लिए हर संभव प्रयास किया जायेंगे। उन्होंने कहा कि हिमरी सड़क के सुधारीकरण पर 21 करोड़ रुपए की राशि खर्च करना प्रस्तावित है वही रेवघाटी सड़क पर 35 करोड़ तथा हूली महासु सड़क के सुधारीकरण पर 20 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि बागवानी में इन्ही सड़कों का एहम योगदान रहता है । आज जुब्बल कोटखाई क्षेत्र बागवानी के दृष्टि से ख्याति प्राप्त कर चुका है । प्रदेश के 8 सीए स्टोर में से 3 की स्वीकृति जुब्बल कोटखाई के लिए प्राप्त की जा चुकी है। इसके अलावा बागवानी को और अधिक बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जायेंगे ताकि क्षेत्र में लोगों की आर्थिकी में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि 8 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से चंगाऊटी खड्ड से हिमरी एवं घूंडा उठाऊ सिंचाई योजना निर्माण कार्य लगभग पूर्ण किया जा चुका है जिसको जल्द ही लोगों को समर्पित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से घुंडा, जमदोग तथा अन्य क्षेत्रों के लिए उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। योजना का निर्माण कार्य लगभग 40 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य को विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जायेगा। जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं है इस दृष्टि से साहसिक एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि साथ ही साथ वाटर स्पोर्ट्स एवं स्किंग जैसे खेलों को तलाशने के भी प्रयास किए जायेंगे ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश आज आर्थिक संकट से गुजर रहा है प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास कर रही है । प्रदेश सरकार ने ठेकों की नीलामी कर 530 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय का सृजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के हर व्यक्ति को कर्ज के जाल से मुक्त करना चाहता है ताकि हमारा प्रदेश हर प्रकार से समृद्ध बन सके।

उन्होंने क्षेत्र में रिक्त पड़े पदों को भरने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यहां प्राप्त अन्य मांगों के लिए बजट के प्रावधान कर अवश्य रूप से पूर्ण किया जायेगा ।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ समग्र विकास सुनिश्चित किया जायेगा ताकि लोगों को घृद्द्वार पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर उन्होंने हिमरी तथा घुंडा पंचायत के लोगों की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की सस्याओं का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के भी निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, लैंड मॉर्टगेज बैंक निदेशक, खंड समिति अध्यक्ष रेखा चौहान, महिला कांग्रेस समिति अध्यक्ष कमलेश कुमार, उपमंडलाधिकारी राजीव सांख्यान, प्रधान ग्राम पंचायत हिमरी सुनील चौहान, सेवानिवृत आईएएस मदन चौहान सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

राहुल गांधी के जन्मदिन पर शिमला में युवा कांग्रेस ने निकाली सांकेतिक भारत जोड़ो यात्रा

शिमला :  कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर युवा कांग्रेस ने सोमवार को शिमला चौड़ा मैदान से लेकर अपने कार्यालय राजीव भवन तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली और राहुल गांधी की लंबी आयु की कामना की। युवा कांग्रेस ने भीम राव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर इस सांकेतिक यात्रा को निकाला और भाजपा पर संविधान को खत्म करने के आरोप लगाए। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि भाजपा देश में नफरत की राजनीति फैला रही है। लोगों को धर्म के नाम पर लड़ाया जा रहा है, जबकि असल मुद्दे बेरोजगारी, महंगाई और महिलाओं से अत्याचार हैं जिसको लेकर केंद्र सरकार चुप है। भाजपा देश को तोड़ने का काम कर रही है, जिसे देखते हुए राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की और उसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं।

हिमाचल के चंबा में मनोहर हत्याकांड हुआ जिसमें सरकार ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे डाला है। दूसरी तरफ भाजपा इसको लेकर राजनीति कर रही है, जोकि दुखद है।

प्रदेश सरकार ने 3 IAS व एक HAS अधिकारी का किया तबादला, जानिए यहां ?

शिमला : प्रदेश सरकार ने तीन आईएएस अफसरों के तबादला आदेश जारी किए हैं। आईएएस अधिकारी राजेश्वर गोयल को हिमाचल प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक के पद पर ट्रांसफर किया गया है। मनोज कुमार चौहान को विजिलेंस निदेशक लगाया गया है।ओम कांत ठाकुर को एसडीओ (नागरिक) मंडी लगाया गया है। वहीं एचएएस अधिकारी वीरेंद्र शर्मा को रजिस्ट्रार हिमाचल प्रदेश विवि लगाया गया है। एचएएस अधिकारी बछित्तर सिंह एसडीओ (नागरिक) थुनाग को एसडीओ (नागरिक) करसोग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

जनता पूछ रही सुक्खू की 10 गारंटियां किथे पाई : जयराम ठाकुर

शिमला :  नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने हिमाचल के लोगों के साथ धोखा किया है। यह सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। जनता पूछ रही है-सुक्खू भाई 10 गारंटियां केथे पाई। एक हजार से ज्यादा संस्थान बंद कर दिए। 5,000 से ज्यादा लोगों को नौकरी से निकाल दिया। सरकारें विकास के लिए बनती हैं, लेकिन सुक्खू सरकार तालाबंदी के लिए मशहूर है। वह सोमवार को भाजपा शिमला संसदीय क्षेत्र की जनसभा में बोल रहे थे।जयराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयात होने वाले सेब पर 75 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया। इसका लाभ हिमाचल बागवानों को हो रहा है। नेशनल हाईवे बनने से बागवानों को देश की मंडियों तक उत्पाद पहुंचाने में आसानी हो रही है। दावा किया हिमाचल चारों लोक सीटों से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएगा। कहा कि सुक्खू सरकार ने छह महीने में 7,000 करोड़ का लोन ले लिया। हेलीकॉप्टर के साथ ही चार्टर प्लेन लिया जा रहा है। पूर्व सरकार में एक दिन के लिए भी चार्टर प्लेन का इस्तेमाल नहीं किया।

कोर्ट ने मनोहर हत्याकांड के मुख्य आरोपी व उसकी पत्नी और भतीजे को 12 दिन के न्यायिक हिरासत में भेजा

शिमला : मनोहर हत्याकांड के मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी और भतीजे को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी करम प्रताप सिंह ठाकुर की अदालत ने 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। तीनों को पुलिस रिमांड खत्म होने पर सोमवार को पुलिस के कड़े पहरे में न्यायालय पहुंचाया गया। तीनों आरोपियों को आम रास्ते के बजाय दूसरे दरवाजे से न्यायालय में पहुंचाकर वहीं से वापस पुलिस बल अपने साथ ले गया।
बता दें कि भांदल पंचायत के तहत आते संघणी क्षेत्र में मनोहर नामक युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर शव को बोरों में डालकर ठिकाने लगाया गया था। इसके बाद पुलिस तफ्तीश में एक युवक और दो नाबालिग लड़कियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मुसााफिर हुसैन और उसकी पत्नी फरीदा बेगम को गिरफ्तार किया।