Home » Uncategorized » नौणी विश्वविद्यालय का 42वां स्थापना दिवस एवं किसान मेला 1 दिसंबर को, राज्यपाल कविंदर गुप्ता होंगे मुख्य अतिथि…

नौणी विश्वविद्यालय का 42वां स्थापना दिवस एवं किसान मेला 1 दिसंबर को, राज्यपाल कविंदर गुप्ता होंगे मुख्य अतिथि…

लाइव हिमाचल/सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, 1 दिसंबर को अपना 42वां स्थापना   दिवस और किसान मेला मनाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के किसान, वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी एकत्रित होकर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उत्सव मनाएंगे तथा औद्यानिकी, वानिकी और ग्रामीण आजीविका के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएंगे। इस वर्ष के समारोह ‘नारी शक्ति, प्रकृति और प्रगति: 2047 की ओर हिमालयी बागवानी एवं वानिकी’ विषय पर आधारित होंगे। यह विषय महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में औद्यानिकी एवं वानिकी के योगदान को रेखांकित करता है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कविंदर गुप्ता समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह का एक प्रमुख आकर्षण किसान मेला होगा, जो किसानों और वैज्ञानिकों को आपसी संवाद, ज्ञान के आदान–प्रदान तथा नवीन तकनीकों एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए एक साझा मंच प्रदान करेगा। मेले में विश्वविद्यालय द्वारा विकसित विभिन्न फलों एवं अन्य फसलों की किस्मों, उत्पादन तकनीकों तथा अन्य नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों को औद्यानिकी, वानिकी एवं संबंधित गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने तथा तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।

संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष घोषित किए जाने के दृष्टिगत, इस वर्ष के समारोहों में कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों में महिलाओं के योगदान को पहचानने और सम्मानित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। महिला किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, प्रदेश की प्रगतिशील महिला किसानों को औद्यानिकी एवं इससे संबंधित गतिविधियों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस समारोह के दौरान एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में विश्वविद्यालय और भारत सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम आईटीआई लिमिटेड के बीच डिजिटल औद्यानिकी एवं ड्रोन प्रौद्योगिकी में उत्कृष्टता केंद्र  की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रस्तावित केंद्र से औद्यानिकी क्षेत्र में उभरती प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने, सटीक कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न औद्यानिकी गतिविधियों में डिजिटल समाधानों एवं ड्रोन तकनीक के समावेश को गति मिलने की उम्मीद है। 1 दिसंबर, 1985 को स्थापित इस विश्वविद्यालय ने औद्यानिकी, वानिकी एवं संबंधित विषयों में शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार शिक्षा के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक की समर्पित सेवाएं दी हैं। विश्वविद्यालय की शुरुआत वर्ष 1962 में कार्यरत सोलन स्थित कृषि महाविद्यालय से हुई थी। पिछले वर्षों में यूएचएफ नौणी ने अनुसंधान नवाचारों, कुशल मानव संसाधन के विकास तथा किसानोन्मुखी प्रसार गतिविधियों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सहित देश में औद्यानिकी एवं वानिकी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *