लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर/कसौली : हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के सोलन डिपो ने करीब 40 साल पुरानी सोलन-सुबाथू-कुठाड़-पट्टा-बद्दी सरकारी बस सेवा को जनहित में दोबारा बहाल कर दिया जिससे स्कूली छात्रों और स्थानीय ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक तरसेम सिंह और सहायक अड्डा प्रभारी चमन लाल ने बस सेवा के पुनः संचालन की पुष्टि की है। इस बस के बंद होने से शेंगेला, मटकूदा, राबी, प्लेच, बनलगी और शमाघाट समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के बस पास धारक विद्यार्थियों को कुठाड़ स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी को जोड़ने वाली यह बस सेवा न केवल ग्रामीणों के लिए यातायात की जीवनरेखा है, बल्कि डाक व्यवस्था के लिए भी बेहद अहम मानी जाती है। बस सेवा बहाल होने पर विद्यार्थियों और अभिभावकों ने निगम व मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की है कि भविष्य में इस रूट को बंद न किया जाए, और यदि रूट घाटे में रहता है तो इसे कुठाड़-सुबाथू से ऊना तक बढ़ाने पर विचार किया जाए।





