लाइव हिमाचल/कुनिहार: सोलन जिला के पुलिस थाना कुनिहार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव सनौगी से चोरी हुई एक ब्रेजा गाड़ी को बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल, 20 नवंबर को कुनिहार निवासी सन्तोष कुमारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके पति ने 15 नवंबर को अपनी करीब 9 लाख रुपये की कीमत वाली ब्रेजा गाड़ी गांव सनौगी में सड़क किनारे खड़ी की थी, लेकिन 20 नवंबर की सुबह जब वह मौके पर पहुंचे तो गाड़ी वहां से गायब थी और काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। शिकायत मिलते ही कुनिहार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप चोरी हुई इस ब्रेजा गाड़ी को गंभरपुल–दाड़वा मार्ग पर आंजी घाट के समीप एक सुनसान जगह से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इस वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है और मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।





