लाइव हिमाचल/सोलन: कसौली में टोल फीस बचाने के चक्कर में फर्जी कर्नल बनकर पकड़े गए बैजनाथ के युवक अर्पण कटोच की 27 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में रहस्यमय मौत हो गई। कांगड़ा जिले की बैजनाथ तहसील के टिकरी (डोहकी) निवासी अर्पण को पुलिस ने कुछ ही दिन पहले गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप था कि वह सेना की वर्दी पहनकर खुद को अधिकारी बताता था। गढ़खल पुलिस चौकी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सुनारडी गांव में छापेमारी कर उसके किराए के कमरे से उसे फर्जी सैन्य पहचान पत्र के साथ दबोचा था। जांच में पता चला था कि वह शामती के पास एक निजी होटल में काम करता था। मामले में कसौली थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उस पर ₹2,000 का जुर्माना लगाकर और जांच में सहयोग के निर्देश देकर छोड़ दिया था। हालांकि, इसके तुरंत बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। प्राथमिक आशंका के अनुसार युवक ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था। हालत गंभीर होने पर उसे पहले एमएमयू (MMU) अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से नाजुक स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया
इस घटना की जानकारी मिलते ही सोलन प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सोलन की एसडीएम और पुलिस के उच्च अधिकारियों ने तत्काल एमएमयू पहुँचकर मामले की जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया। आरोपी की इस अचानक हुई मौत से सोलन पुलिस और प्रशासन में खलबली मची हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।



