शिमला: आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए शिमला पुलिस ने पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना किसी वैध लाइसेंस और परमिट के रखे गए पटाखों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। मामला शिमला के बालूगंज पुलिस थाना क्षेत्र का है। 20 अक्टूबर को गश्त के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक किराए के कमरे में भारी मात्रा में अवैध रूप से पटाखे छिपाकर रखे गए हैं, जिन्हें त्योहारों के दौरान अवैध रूप से बेचने की योजना थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए बताए गए ठिकाने पर दबिश दी और कमरे की गहन तलाशी ली।तलाशी के दौरान मौके से पटाखों का जखीरा बरामद किया गया। जब मकान में मौजूद व्यक्ति, जिसकी पहचान राम विलास गुप्ता के रूप में हुई है, से पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़ा वैध लाइसेंस या परमिट मांगा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश करने में नाकाम रहा। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राम विलास गुप्ता के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 288 और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(बी) के तहत अभियोग संख्या 221/2026 दर्ज कर लिया है।पुलिस ने मौके से बरामद सभी पटाखों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस शिमला के अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के इस सीजन में आम जनता की सुरक्षा को देखते हुए अवैध आतिशबाजी, पटाखों के बिना परमिट भंडारण और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





