Home » ताजा खबरें » अर्की का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता: विधायक संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत देवरा में बांटी लाखों की सौगात, जखोली में मां भद्रकाली सिद्धपीठ में टेका माथा…

अर्की का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता: विधायक संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत देवरा में बांटी लाखों की सौगात, जखोली में मां भद्रकाली सिद्धपीठ में टेका माथा…

लाइव हिमाचल/सोलन: अर्की विधानसभा क्षेत्र की सभी 78 ग्राम पंचायतों के समग्र, संतुलित और एक-समान विकास की दृष्टि से नवीन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का प्रयास लगातार जारी है। इसी कड़ी में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत देवरा के जखोली में आयोजित दो दिवसीय मां दुर्गा अष्टमी मेला समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने ऐतिहासिक मां भद्रकाली सिद्धपीठ में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की और सभी को शारदीय नवरात्र की बधाई दी। मेला समारोह के दौरान विधायक ने ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं की पहचान हैं और लोक कलाओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

ग्रामीण आर्थिकी की मजबूती में प्रदेश का सर्वांगीण विकास निहित

विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों, बागवानों और दुग्ध उत्पादकों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है, जिसकी सराहना राष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है। उन्होंने क्षेत्र के विकास आंकड़ों का ब्योरा देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत देवरा में अब तक करीब 42 लाख रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त मंज्याट-पाटी देवरा-पपलोटा मार्ग पर 7.70 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जबकि संपर्क मार्ग जखोली को पक्का करने के लिए 15 लाख रुपये और जीएसएसएस मंज्याट में परीक्षा भवन के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

क्षेत्र के विकास के लिए कीं कई बड़ी घोषणाएं

आयोजन के दौरान विधायक ने स्थानीय बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए वित्तीय मंजूरियों की झड़ी लगा दी। उन्होंने सामुदायिक भवन जखोली के लिए 2 लाख रुपये, खालसा पाटी सामुदायिक भवन के लिए 1 लाख रुपये, मोक्षधाम देवरा के लिए 1 लाख रुपये और मोक्षधाम संपर्क मार्ग जखोली के लिए 1.5 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही मंजयाट गांव में फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए 2 लाख रुपये की सुरक्षा जाली, हनुमान मंदिर से मां भद्रकाली मंदिर तक 10 सोलर लाइटें, युवक मंडल को क्रिकेट किट और मेला आयोजक समिति को 21 हजार रुपये देने का ऐलान किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले तीन स्कूलों के बच्चों के लिए भी उन्होंने 21-21 सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]