लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर कसौली: पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुरला में कृषि संकाय के नौवीं से जमा दो कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें भावगुड़ी पंचायत के प्रगतिशील किसान एवं प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षक संजीव ठाकुर ने विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। संजीव ठाकुर ने विद्यार्थियों को पुष्प उत्पादन, रसायनमुक्त खेती, पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी के स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताया। पारंपरिक कृषि पद्धतियों और आधुनिक तकनीकों के बीच संतुलन बनाकर खेती को लाभकारी बनाया जा सकता है। कृषि क्षेत्र में नए प्रयोग अपनाकर युवा रोजगार तलाशने के बजाय दूसरों को रोजगार देने वाले बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान और उद्यान विज्ञान के बीच अंतर भी समझाया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में रुचि दिखाई। विशेष रूप से छात्राओं ने कृषि से जुड़ी गतिविधियों और रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य हंसराज गुलेरिया ने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकास के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में समन्वयक आरती विशिष्ट और व्यावसायिक प्रशिक्षक रजनी ठाकुर भी उपस्थित रहीं।





