लाइव हिमाचल/चंबा: हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र चुराह में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जहां चांजू क्षेत्र के टेपा मोड़ के समीप एक ऑल्टो कार (एचपी 01डी-7491) अचानक अनियंत्रित होकर करीब सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। इस दुर्घटना में बढ़डोल (डाकघर चांजू) की रहने वाली पुष्पा (पत्नी लोभी) को गंभीर चोटें आईं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार नरेण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस के सहयोग से घायल को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।





