लाइव हिमाचल/राजगढ़: सिरमौर और शिमला जिले के सीमावर्ती क्षेत्र कुपवी में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता के समापन के बाद एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। प्रतियोगिता में भाग लेकर घर लौट रहे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाल्टी (हमीरपुर) के 12वीं कक्षा के छात्र आयुष कौंडल की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा कुपवी से करीब 3 किलोमीटर दूर धार च्यामा के पास उस समय पेश आया, जब बस में सफर के दौरान छात्र का सिर खिड़की से बाहर निकला हुआ था और संकरे मोड़ पर सड़क किनारे लगे एक खंभे से जोर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सहपाठियों और शिक्षकों ने तुरंत उसे नागरिक अस्पताल कुपवी पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र हमीरपुर जिले की तहसील के गांव बखरोटी (डाकघर लज्या) का निवासी था। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों, विद्यालय और पूरे खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।





