शिमला: हिमाचल प्रदेश में चल रही पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के बीच होमगार्ड के जवानों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती में होमगार्ड जवानों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) और ग्राउंड टेस्ट से छूट देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस संबंध में गृह विभाग द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिदेशक (DGP) को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) की ओर से जारी और उप सचिव मनमोहन चोपड़ा द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र में कैबिनेट बैठक के निर्णयों का हवाला देते हुए डीजीपी को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश की प्रतियां होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं अग्निशमन सेवाओं के महानिदेशक तथा अन्य संबंधित विभागों को भी सूचनार्थ भेज दी गई हैं। सरकार के इस फैसले से भर्ती में हिस्सा लेने वाले होमगार्ड अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि भर्ती की अन्य पात्रता शर्तों और छूट से जुड़ी विस्तृत प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती प्राधिकरण के आगामी दिशा-निर्देशों का इंतजार करना होगा।





