Home » Uncategorized » विधायक ने कुठाड़ व चंडी जॉन की 12 पंचायतों के लोगों से जनसंवाद कर सुनीं जन समस्याएं

विधायक ने कुठाड़ व चंडी जॉन की 12 पंचायतों के लोगों से जनसंवाद कर सुनीं जन समस्याएं

 

लाइव हिमाचल/कसौली (हेमेंद्र कंवर): दून क्षेत्र के विधायक चौधरी रामकुमार ने हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कुठाड़ और चंडी जोन में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना। कई समस्याओं का मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत कर समाधान करवाया गया। कुठाड़ जोन के तहत आने वाली छह पंचायतों जाड़ला, गांगुड़ी, कुठाड़, दाड़वा, जगजीत नगर और मंढेसर के दर्जनों लोगों ने जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन कुठाड़ स्थित महिला मंडल भवन में किया गया, जहां विधायक चौधरी रामकुमार ने उपस्थित लोगों को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पात्र परिवारों का चयन कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्र होने पर उनका लाभ उठाएं। इसके बाद विधायक ने चंडी जोन में भी जनसंवाद कार्यक्रम किया। चंडी जोन की पंचायतों चंडी, बढ़लग, बुघार कनेता, घड़सी, ढकरयाणा और गोयला के लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां भी विधायक ने लोगों से उनकी समस्याओं को लेकर सीधा संवाद किया तथा क्षेत्र में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों को सुना।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने लोगों को आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से हल करवाया जाएगा। कृष्णगढ़ पंचायत के प्रधान पुष्पेंद्र कुमार ने भी विधायक चौधरी रामकुमार के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और मांगों को रखा। विधायक ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक चौधरी रामकुमार ने विपक्षी दल भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास दून के विकास को लेकर जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने पूर्व के पांच साल के कार्यकाल में दून विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अपेक्षित कार्य नहीं किए।
चौधरी रामकुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार क्षेत्र के विकास और आम जनता के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा दून से लेकर शिमला तक मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है, जो कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास और जनकल्याण के मुद्दों को समझती है और आने वाले समय में भाजपा को अपने कथित दावों का जवाब जनता के बीच देना पड़ेगा।
विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करवाना है। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी सीधे जनता तक पहुंच रही है और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। विधायक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में भी इसी तरह गांव-गांव जाकर जनता से सीधा संवाद करते रहेंगे। इस अवसर पर कृष्णगढ़ उप तहसील के नायब तहसीलदार सूरत सिंह,पंचायत प्रधान पुष्पेंद्र कुमार, दून ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलतार सिंह,प्रेमचंद ठाकुर, हिरालाल ,रमेश कुमार,भारत भूषण,संजीव शर्मा व आस पास की पंचायतों से आई महिला शक्ति मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]