Home » Uncategorized » शिमला संजौली के 10 साल के शिवाश ने शूटिंग में जमाई धाक, 5 स्वर्ण समेत जीते 8 पदक

शिमला संजौली के 10 साल के शिवाश ने शूटिंग में जमाई धाक, 5 स्वर्ण समेत जीते 8 पदक

शिमला : छोटी उम्र में बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ रहे ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयज शिमला के पांचवीं कक्षा के छात्र शिवाश जनैक ने शूटिंग में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। महज 10 वर्ष की उम्र में शिवास अब तक जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 5 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीत चुके है। शिवाश ने हाल ही में 4 से 6 सितंबर तक आयोजित 10वीं हिमाचल प्रदेश राज्य इंटर-स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप में 10 मीटर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में करीब 145 खिलाड़ियों ने भाग लिया। शिवाश ने 395 अंक हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को एक अंक के अंतर से पछाड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। इससे पहले भी वर्ष 2026 शिवास के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। 30 मई से 1 जून तक हुई 18वीं शिमला जिला शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद 12 से 15 जून तक आयोजित दूसरी प्री-एचपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 9 से 14 जुलाई तक हुई 31वीं हिमाचल प्रदेश राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में शिवाश ने दो रजत पदक हासिल किए।
शिवाश ने बताया कि शूटिंग में आने की शुरुआत उनके बड़े भाई के माध्यम से हुई। शुरुआत में उनका उद्देश्य पदक हासिल करना नहीं था, लेकिन अभ्यास करते-करते इस खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ती गई। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कई खिलाड़ियों के पास बेहतर उपकरण होने के बावजूद शिवाश ने अपनी तैयारी, एकाग्रता और आत्मविश्वास के दम पर मुकाबला किया। शिवाश की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता भी काफी खुश हैं। उन्हें उम्मीद थी कि बेटा प्रतियोगिता में चौथे या पांचवें स्थान पर रह सकता है, लेकिन स्वर्ण पदक हासिल करना उनके लिए बेहद गर्व का पल रहा। शिवाश को गणित विषय विशेष रूप से पसंद है। उनका मानना है कि गणित पढ़ने से एकाग्रता और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता बढ़ती है, जिसका लाभ शूटिंग में मिलता है। शूटिंग के अलावा उन्हें क्रिकेट और फुटबॉल खेलना, संगीत सुनना और गाना पसंद है। महज 10 वर्ष की उम्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे शिवास ने शूटिंग में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। स्कूल परिवार ने उनकी उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]