Home » Uncategorized » गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा उत्साह और उमंग के साथ संपन्न…

गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा उत्साह और उमंग के साथ संपन्न…

सोलन : गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा हर्षोल्लास, उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा के साथ मनाया गया। विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा से जुड़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास के साथ अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने का सुंदर अवसर प्रदान किया। हिंदी पखवाड़े के दौरान कविता वाचन, भाषण, कहानी वाचन, लघु नाटिका, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, मुहावरा वाचन, पहेली प्रतियोगिता, हिंदी प्रश्नोत्तरी, सुलेख, श्रुतलेख, शब्दावली प्रतियोगिता, संवाद लेखन, चित्रकला, रचनात्मक लेखन एवं हिंदी से संबंधित अनेक रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रत्येक गतिविधि में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बाल वाटिका से लेकर कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने कविता वाचन, पहेलियों, नृत्य एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया, जबकि वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भाषण, नाटिका, नुक्कड़ नाटक, कहानी वाचन एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रभावशाली अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय का वातावरण हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना से ओत-प्रोत रहा। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि भाषा केवल विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, साहित्य, संस्कार, परंपराओं और भावनाओं की पहचान भी है। हिंदी हमें अपनी जड़ों से जोड़ते हुए आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सागरिका बख्शी ने विद्यार्थियों को हिंदी के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा का सम्मान करने, दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि अपनी भाषा पर गर्व करना अपनी पहचान पर गर्व करना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रदान की। हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़े का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक भाषाई उत्सव ही नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी भाषा एवं संस्कृति से जुड़ने का प्रेरणादायक अवसर रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस आयोजन को जीवंत, सार्थक और यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]