Home » Uncategorized » पालमपुर में पैसे दोगुने करने के नाम पर 11 लाख की ठगी, एक महिला समेत 4 के खिलाफ मामला दर्ज

पालमपुर में पैसे दोगुने करने के नाम पर 11 लाख की ठगी, एक महिला समेत 4 के खिलाफ मामला दर्ज

कांगड़ा: कांगड़ा जिले के पालमपुर उपमंडल में पैसे दोगुने करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मैंझा निवासी छिंद राज की शिकायत पर पालमपुर पुलिस थाना में एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को आरोपी पीड़ित के पास आए और रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाकर पहले 4 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद, अगले ही दिन आरोपियों ने पैसे किसी गेम में निवेश करने का बहाना बनाकर 21 लाख रुपये देने का लालच दिया और 7 लाख रुपये और ले लिए। लालच का दायरा बढ़ाते हुए जब ठगों ने पीड़ित से 21 लाख रुपये और लाने पर डेढ़ करोड़ रुपये देने की बात कही, तो छिंद राज को संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान और लेन-देन के नेटवर्क को खंगाल रही है। साथ ही, पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि कम समय में पैसे दोगुने करने या भारी मुनाफे का झांसा देने वाले शातिरों के चक्कर में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]