लाइव हिमाचल/सोलन: चूड़धार यात्रा से लौटते समय घने जंगलों में रास्ता भटके पंजाब और हरियाणा के चार श्रद्धालुओं के लिए शिमला पुलिस देवदूत बनकर सामने आई। 13 सितंबर की रात ‘112’ कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। रात के घने अंधेरे, कम दृश्यता और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों की परवाह न करते हुए जवानों ने दुर्गम जंगलों में गहन खोजबीन अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आधी रात को पताल खड्ड के समीप से मोहाली (पंजाब) निवासी राहुल (22) और साकेत (21) को सकुशल ढूंढ निकाला। इसी दौरान दो अन्य श्रद्धालुओं के भटकने की खबर मिलने पर अभियान को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने करनाल (हरियाणा) निवासी दंपति राहुल (26) और उनकी पत्नी मधु (24) को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पुलिस टीम ने चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनके ठहरने की व्यवस्था की और बाद में उन्हें सुरक्षित वापस ले आई। चूड़धार के खतरनाक रास्तों और घने जंगलों के बीच रातभर चले इस अभियान में शिमला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, साहस और मानवीय संवेदनशीलता के चलते चारों श्रद्धालुओं की जान समय रहते बचाई जा सकी।





