लाइव हिमाचल/कसौली : कसौली के शिक्षा खंड पट्टा महलोग में आयोजित अंडर-14 छात्र वर्ग की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हो गया। इस प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जिसमें कबड्डी में माउंटेन वैली ने बाजी मारी, जबकि ग्लोरी इंटरनेशनल स्कूल कोटबेजा उपविजेता रहा। वहीं बैडमिंटन में ग्लोरी इंटरनेशनल स्कूल ने पहला और न्यू मॉडल स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल में डीपीएस बरोटीवाला विजेता तथा ग्लोरी इंटरनेशनल स्कूल उपविजेता रहा, तो खो-खो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा महलोग ने जीत दर्ज की और धौलाधार पब्लिक स्कूल उपविजेता बना। इसके अलावा मार्च पास्ट में निर्मल चिंतामणि स्कूल प्रथम और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट बेजा दूसरे स्थान पर रहे। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं उपनिदेशक रीता गुप्ता और विशेष अतिथि डिप्टी डीईओ राजकुमार पराशर ने मेधावी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर स्थानीय स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. मंजू बाला, पंचायत प्रधान अजय सिंह, एसएमसी अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, राजकीय अध्यापक संघ के प्रधान नरोत्तम वर्मा और खंड खेल प्रभारी गोविंद वर्मा समेत कई गणमान्य लोग व विभिन्न स्कूलों के खेल प्रभारी विशेष रूप से मौजूद रहे।





