Home » Uncategorized » सोलन प्रशासन की चेतावनी: परवाणू-पिंजौर हाईवे पर भूस्खलन का खतरा, आपात स्थिति के लिए टोल-फ्री नंबर 1077 जारी

सोलन प्रशासन की चेतावनी: परवाणू-पिंजौर हाईवे पर भूस्खलन का खतरा, आपात स्थिति के लिए टोल-फ्री नंबर 1077 जारी

लाइव हिमाचल/सोलन: राष्ट्रीय राजमार्ग-5 के परवाणू-पिंजौर खंड पर बुधवार रात अचानक भारी भूस्खलन होने, पहाड़ी से पत्थर गिरने और सड़क पर मलबा आने के कारण मुख्य बाईपास मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन ने वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तत्काल एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने परवाणू-पिंजौर बाईपास के इस प्रभावित हिस्से पर दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोकने की सलाह दी है, जबकि हल्के वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग के तौर पर पुराने कालका-पिंजौर मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे लगातार बारिश और मलबा गिरने की आशंका के चलते भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के पास विशेष सावधानी बरतें और फिलहाल अनावश्यक यात्रा करने से बचें। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन ने स्पष्ट किया है कि मार्ग की स्थिति और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही आवाजाही को लेकर अगले आदेश जारी किए जाएंगे। इसके अलावा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या आपदा के समय तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र का 24×7 टोल-फ्री नंबर 1077 तथा दूरभाष नंबर 01792-220049, 220882, 220048 और मोबाइल नंबर 9459457292 जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *