चंबा: पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए चंबा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नज़र आ रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन यात्रा मार्ग से लेकर सभी प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में जिला पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मैहला पुलिस बैरियर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैरियर पर तैनात जवानों से यात्रा व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं के पंजीकरण की जांच प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। गौरतलब है कि मैहला बैरियर पर मणिमहेश जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के पंजीकरण की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या असुविधा की स्थिति पैदा न हो। निरीक्षण के दौरान एसपी चंबा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि वे श्रद्धालुओं के साथ हमेशा विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखें। उन्होंने जवानों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी। एसपी सकलानी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता सेवा भाव से की जानी चाहिए और यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर जरा सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





