लाइव हिमाचल/शिमला: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के निवासी और त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट में कार्यरत मैकेनिकल इंजीनियर सुखविंदर लापता हो गए हैं। बुधवार को नेपाल के रसुवा जिले में आई अचानक बाढ़ के बाद से ही सुखविंदर का परिवार उनसे संपर्क साधने की गुहार लगा रहा है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 15 अगस्त को ही अपनी तीन महीने की छुट्टी बिताकर नेपाल लौटे सुखविंदर के पिता हुसन लाल ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अपने भाई की तलाश में काठमांडू पहुंच चुका है। सुखविंदर शादीशुदा हैं और उनका 18 महीने का एक छोटा बेटा भी है। परिजन अब विदेश मंत्रालय, केंद्र सरकार और स्थानीय सांसद अनुराग ठाकुर से बेटे की सुरक्षित वापसी और खोजबीन की अपील कर रहे हैं। इस बीच, ऊना के एसडीएम अभिषेक मित्तल ने पुष्टि की है कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों और संबंधित मंत्रालय को दे दी गई है। दूसरी ओर, चंबा जिले के निवासी सलमान खान (जो नेपाल में एक प्राइवेट प्रोजेक्ट में कार्यरत हैं) के नेपाल बाढ़ में सुरक्षित होने की राहत भरी खबर मिली है; आपदा के वक्त वे सुरंग के भीतर थे। राज्य सरकार, विदेश मंत्रालय और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, नेपाल में फंसे हिमाचलियों और उनके परिवारों की त्वरित सहायता के लिए सभी जिलों में आपातकालीन कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए गए हैं।





