लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन विपक्ष बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदन में काम रोको प्रस्ताव लाकर बेरोजगारी पर चर्चा की मांग कर सकती है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान हर साल एक लाख यानी पांच साल में पांच लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान सरकार इसे पूरा करने में विफल रही है और अब तक केवल चंद हजार युवाओं को ही रोजगार मिल पाया है। यदि भाजपा के इस स्थगन प्रस्ताव को स्वीकार किया जाता है, तो चर्चा पूरी होने तक अन्य विधायी कार्य टल जाएंगे और मांग खारिज होने पर सदन में हंगामे के आसार हैं। आज की कार्यवाही की शुरुआत दो दिवंगत पूर्व विधायकों, विजयेंद्र सिंह और राम चंद भाटिया को शोकोद्गार प्रस्तुत करने के साथ होगी, जिन्हें शुक्रवार को ‘वंदे मातरम’ के मुद्दे पर हुए हंगामे के कारण श्रद्धांजलि नहीं दी जा सकी थी। इसके बाद प्रश्नकाल शुरू होगा, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा और लोक निर्माण विभाग से जुड़े मुद्दों के अलावा बीजेपी विधायक विपिन सिंह परमार द्वारा मानसून बारिश से हुई तबाही और केंद्र से मिली राहत राशि से जुड़े सवाल गूंजेंगे। अंत में, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शासकीय कार्यसूची और राज्यपाल द्वारा स्वीकृत विधेयकों को सदन के पटल पर रखेंगे।





