लाइव हिमाचल/सोलन : शिक्षा खंड सोलन के तत्वावधान में एम.आर.ए. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सोलन के सभागार में राजकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 40 प्रधानाचार्यों व विद्यालय प्रमुखों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। बी.पी.ओ. सह प्रधानाचार्य रोहित ठाकुर और बी.ई.ई.ओ. हरि राम चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा, सोलन, सुश्री रीता गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:50 बजे विद्यालय की प्रधानाचार्या मैडम मासूमा सिंघा द्वारा सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रीता गुप्ता ने विद्यालय प्रमुखों को एस.सी.पी.सी.आर., आर.टी.ई., यू-डाइज प्लस, अपार आईडी और “एक पेड़ माँ के नाम” जैसे महत्वपूर्ण विभागीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित दिशा-निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन करने के निर्देश दिए।कार्यशाला के दौरान डाइट सोलन से आए रिसोर्स पर्सन मैडम बबिता ठाकुर, श्री गोबिन्द ठाकुर एवं मैडम कुसुम अवस्थी ने सभी प्रमुख विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की और ऑनलाइन पोर्टलों की प्रक्रियाओं को समझाते हुए प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर श्री राजेश शर्मा, श्रीमती लता और मैडम तनुजा शर्मा सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यालय प्रमुखों को विभागीय योजनाओं व डिजिटल पोर्टलों की कार्यप्रणाली से अवगत कराना और ज़मीनी स्तर पर इनके समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करना था, जिसमें यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा।





