Home » Uncategorized » ‘एंटी चिट्टा अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

‘एंटी चिट्टा अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

लाइव हिमाचल/सोलन: मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में आज ‘एंटी चिट्टा अभियान’ के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोगड़ा तथा राजकीय उच्च पाठशाला आंजी में नशा निवारण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. अजय पाठक ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इसके सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को प्रभावित करता है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन के प्रारंभिक 20 से 25 वर्ष व्यक्ति के भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस स्वर्णिम समय का सदुपयोग शिक्षा, मेहनत, अनुशासन और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की ओर अग्रसर होने के बजाय अपने भविष्य की ओर अग्रसर होकर सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करना चाहिए।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और सही दिशा में प्रयास आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को अपने खाली समय को व्यायाम, खेल-कूद, पढ़ाई तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाना चाहिए। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही एक सफल एवं खुशहाल जीवन की आधारशिला हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर उपस्थित छात्रों ने नशे के विरुद्ध जागरूक रहकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *