लाइव हिमाचल/शिमला: शनिवार की सुबह चलुंज मोड़ पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब 18 सवारियों को लेकर जा रही एक निजी बस का ‘टाई रॉड एंड’ अचानक टूट गया। बस के गिरने की तेज़ आवाज़ सुनते ही लोक मित्र केंद्र के संचालक योगराज (निवासी घुलेई) और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटनास्थल पर अंदर और बाहर घायल तड़प रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से परिजनों का हुजूम उमड़ पड़ा। मंजर ऐसा था कि हर आंख नम हो गई। सलामती की दुआएं लेकर पहुंचीं महिलाएं अपनों के शव देखते ही चीख उठीं और कई तो गश खाकर सड़क पर ही गिर पड़ीं। हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक हंसराज ने दिल्ली से ही सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से मदद की अपील की। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर इंसानियत की मिसाल पेश की और राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने बस को हटवाकर फंसे हुए घायलों को बाहर निकाला और तीसा अस्पताल पहुंचाया। तीसा अस्पताल से गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। 10:20 बजे तीसा से पहली एंबुलेंस एक घायल को लेकर पहुंची, जबकि 11:00 बजे दूसरी एंबुलेंस में चार घायल बच्चियों को लाया गया। परिजनों, निजी सुरक्षाकर्मियों और तीमारदारों ने घायलों व बच्चों को गोद में उठाकर आपातकालीन कक्ष (Emergency Ward) तक पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अस्पताल प्रशासन द्वारा तैनात ‘रोगी देखभाल कर्मी’ (Patient Care Staff) मौके से नदारद दिखे।
अस्पताल का घटनाक्रम और राहत कार्य:
-
सफल ऑपरेशन: हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मानिक सहगल ने गंभीर रूप से घायल अर्पित (11 वर्ष, निवासी देवी कोठी) और पानो देवी (41 वर्ष, निवासी देवी कोठी) की स्थिति को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन का फैसला लिया। शाम तक दोनों के सफल ऑपरेशन कर टूटी हड्डियों को जोड़ दिया गया।
-
गंभीर मरीज रेफर: 70 वर्षीय धर्मू देवी, 35 वर्षीय विजय कुमार, 32 वर्षीय सुष्मिता और एक अन्य मरीज (जिसके फेफड़ों में चोट आई थी) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
-
अधिकारियों की मौजूदगी: प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक और स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर घायलों का हाल जानने और व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने अस्पताल में मौजूद रहे।
-
रक्तदान की मिसाल: अस्पताल के ब्लड बैंक में ‘B’ और ‘O’ पॉजिटिव खून की कमी होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष रक्तदाता मदद के लिए अस्पताल पहुंच गए, जिससे इलाज में खून की कोई कमी नहीं आई। इसके अलावा, NHAI के 1033 टोल-फ्री नंबर पर कॉल मिलने के महज 7 मिनट के भीतर एंबुलेंस मरीज तक पहुंच गई।
-
वीडियो बनाने वालों पर सख्ती: हादसे के दौरान घायलों की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले तथाकथित समाजसेवियों और NGO पदाधिकारियों पर अस्पताल प्रशासन ने सख्ती दिखाई।
-
-
साथ जीने-मरने की कसम हुई पूरी: गांव बाहला (डाकघर देवी कोठी) के निवासी जगदेव (पुत्र धर्म सिंह) अपनी पत्नी हरदेई के साथ चंबा जाने के लिए बस में सवार हुए थे। सात फेरे लेते वक्त दोनों ने साथ जीने और मरने का जो वादा किया था, वह इस हादसे में सच साबित हो गया। दोनों बस की एक ही सीट पर साथ बैठे थे और हादसे के दौरान दोनों की ही जान चली गई।
-
मां का साथ छूटा, बेखबर हैं मासूम बच्चियां: देवीकोठी निवासी मोती राम की पत्नी नीलमा देवी अपनी चार बेटियों—काव्या (11 वर्ष), नेहा (10 वर्ष), प्रियंका (5 वर्ष) और हर्षिता (4 वर्ष) के साथ नानी के घर बैरागढ़ जा रही थीं। चारों बच्चियां नानी के घर जाकर मस्ती करने के सपने बुन रही थीं, लेकिन चलुंज मोड़ के पास हुए हादसे ने मां को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया। चारों बच्चियां मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचाराधीन हैं, लेकिन इस बात से अंजान हैं कि जिस मां की गोद की उन्हें तलाश है, वह अब कभी वापस नहीं आएगी।
-





