Home » Uncategorized » हिमाचल के IAS अधिकारियों का दिल्ली रुख जारी: विवेक भाटिया को केंद्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी

हिमाचल के IAS अधिकारियों का दिल्ली रुख जारी: विवेक भाटिया को केंद्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी

शिमला: हिमाचल प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य कैडर के वरिष्ठ अधिकारियों का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने का सिलसिला जारी है, जिसके तहत 2011 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया भी अब दिल्ली का रुख करने जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, विवेक भाटिया को सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत नई दिल्ली स्थित युवा कार्यक्रम विभाग में 5 वर्षों की अवधि के लिए निदेशक (Director) पद पर नियुक्त किया गया है। DOPT ने हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश जारी करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से वर्तमान जिम्मेदारियों से कार्यमुक्त करने को कहा है, ताकि वे समय पर अपना नया पदभार संभाल सकें। नियमों के मुताबिक, आदेश जारी होने के 3 सप्ताह के भीतर अधिकारी को दिल्ली में जॉइनिंग देनी होगी, अन्यथा डिबारमेंट की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।गौरतलब है कि पिछले महज 7 दिनों के भीतर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने वाले विवेक भाटिया हिमाचल प्रदेश के तीसरे IAS अधिकारी बन गए हैं। इससे पहले बीते कल ही आईएएस राकेश कुमार प्रजापति को DPIIT में निदेशक पद पर नियुक्ति मिली है, जबकि सात दिन पूर्व आईएएस निपुण जिंदल को आर्थिक मामलों के विभाग (Economic Affairs) में उप सचिव (Deputy Secretary) की जिम्मेदारी देकर केंद्र भेजा गया था। एक के बाद एक तीन वरिष्ठ अधिकारियों के दिल्ली जाने से प्रदेश सरकार को प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करने पड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *