Home » Uncategorized » सोनम वांगचुक ने कैसे खत्म की 26 दिनों की भूख हड़ताल? देर रात सरकार ने मानीं ये मांगें…

सोनम वांगचुक ने कैसे खत्म की 26 दिनों की भूख हड़ताल? देर रात सरकार ने मानीं ये मांगें…

लाइव हिमाचल/शिमला: लद्दाख के प्रमुख पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लगातार 26 दिनों तक चले अपने कठिन अनशन को आज आखिरकार समाप्त कर दिया है। वांगचुक ने बताया कि केंद्र सरकार से ठोस लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही उन्होंने अपना यह आंदोलन वापस लिया। इस मामले को सुलझाने के लिए रात करीब 11:30 बजे केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और जितेंद्र सिंह लद्दाख एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सीधे वांगचुक से मिलने पहुंचे थे। इससे पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के लगभग 65 सांसदों ने एक संयुक्त पत्र पर हस्ताक्षर कर सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने का अनुरोध किया था और उन्हें भरोसा दिलाया था कि संसद में नीट (NEET) पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार के मुद्दे पर प्रमुखता से चर्चा की जाएगी।सोनम वांगचुक के अनुसार, सरकार के साथ पिछले दो दिनों से कड़ा वार्तालाप चल रहा था, क्योंकि उनकी साफ मांग थी कि आश्वासन केवल मौखिक नहीं बल्कि लिखित रूप में होना चाहिए। इसी वजह से अनशन दो दिन और लंबा खींच गया। सरकार द्वारा सौंपे गए इस लिखित पत्र में तीन मुख्य बिंदुओं पर सहमति बनी है। पहला—जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों और 20 जुलाई के संसद मार्च में शामिल लोगों पर कोई केस दर्ज नहीं होगा। दूसरा—संसद में पेपर लीक रोकने और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के स्थायी समाधान पर गहन चर्चा की जाएगी। और तीसरा—हाल ही में नीट पेपर लीक के तनाव में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के विचार पर सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है।

आखिर किस बात पर माने सोनम वांगचुक
बुधवार की देर रात को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ दिया. हर किसी को इस बात पर हैरानी है कि आखिर अचानक कैसे वांगचुक ने अनशन तोड़ दिया? आइए आपको बताते हैं कि आखिर सरकार ने 26 दिनों से जारी अनशन को खत्म करने के लिए कैसे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को मना लिया. इसके लिए सरकार ने उनकी तीन मांगें मानी…

1. प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी

सरकार ने संकेत दिया है कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों और 20 जुलाई के संसद मार्च में शामिल लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने की दिशा में कोई कठोर कदम नहीं उठाया जाएगा.

2. संसद में होगी शिक्षा सुधारों पर चर्चा

केंद्र ने भरोसा दिलाया कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों और व्यापक शिक्षा सुधारों पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाएगी, ताकि स्थायी समाधान की दिशा में पहल हो सके.

3. प्रभावित परिवारों के लिए राहत पर विचार

इन मांगों के अलावा सरकार ने यह भी कहा कि नीट पेपर लीक विवाद खत्म होने के बाद जिन छात्रों ने नीट के पेपर लीक होने की वजह से परीक्ष रद्द किए जाने के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को सहायता और मुआवजा देने के प्रस्ताव पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जाएगा.

क्या थीं सोनम वांगचुक की मुख्य मांगें?
सोनम वांगचुक ने 28 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी. वे उन छात्रों के समर्थन में उतरे थे, जो नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे थे.शुरुआत में आंदोलन से जुड़ी मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी शामिल थी. हालांकि बाद में बातचीत आगे बढ़ने पर वांगचुक ने कहा था कि यदि सरकार संसद में गंभीर चर्चा के लिए तैयार हो और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का भरोसा दे, तो वे अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करेंगे.

अनशन खत्म करने के बाद क्या बोले वांगचुक?
भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद सोनम वांगचुक ने कहा कि यह फैसला उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद लिया है. उनके मुताबिक देश में तनाव का माहौल और आंदोलन की दिशा को देखते हुए फिलहाल संवाद का रास्ता बेहतर है. उन्होंने अपने समर्थकों से संयम बनाए रखने, शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहने की अपील भी की. दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने साफ कर दिया है कि वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बावजूद उनका आंदोलन जारी रहेगा. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि उन्हें खुशी है कि 26 दिनों बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया, लेकिन जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते. उन्होंने वांगचुक के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस और त्याग ने पूरे देश का ध्यान शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों की ओर खींचा है और उनका जीवन देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *