शिमला: देवभूमि हिमाचल प्रदेश की हसीन वादियों में एक नया हरित दौर शुरू होने जा रहा है, जहाँ तक़दीर और तस्वीर दोनों बदलने वाली हैं! जो भांग अब तक महज़ जंगली पौधा और नशीले कारोबार की पहचान मानी जाती थी, वही अब ‘ग्रीन टू गोल्ड’ क्रांति के ज़रिये हिमाचल की अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा नया इंजन बनने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विज़न के साथ, इस ‘वाइल्ड वीड’ को ‘हिमालयन गोल्ड’ में बदलकर राज्य को देश का अगला बड़ा औद्योगिक हेम्प हब बनाने की तैयारी है। कुल्लू, मंडी, शिमला और चंबा की वादियों में स्वतः उगने वाली यह प्राकृतिक संपदा आने वाले समय में राज्य के खजाने में हज़ारों करोड़ रुपये का राजस्व जोड़ने की क्षमता रखती है। कपास से भी ज़्यादा मजबूत, टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल रेशे वाली यह फसल टेक्सटाइल, पैकेजिंग, बायोप्लास्टिक और इको-फ्रेंडली सामानों के ज़रिये वैश्विक बाज़ारों में अपनी धाक जमाएगी। इतना ही नहीं, कम पानी और बंजर ज़मीन में आसानी से लहलहाने वाली यह नकदी फसल बंदरों और जंगली जानवरों से परेशान किसानों की ढाल बनेगी और ग्रामीण युवाओं के लिए रोज़गार के नए दरवाज़े खोलेगी। इस पूरे बदलाव में सुरक्षा का भी सख्त पहरा है—केवल वही कम-टीएचसी (0.3% से कम) किस्में उगाई जाएँगी जिनसे नशा संभव ही न हो, और खेती से लेकर फैक्ट्री तक की पूरी कड़ी कड़ी निगरानी और लाइसेंस के दायरे में काम करेगी।





