Home » Uncategorized » एनसीसी शिविर में अनुशासन, सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा सेवाओं में करियर पर रहा विशेष जोर…

एनसीसी शिविर में अनुशासन, सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा सेवाओं में करियर पर रहा विशेष जोर…

लाइव हिमाचल/सोलन :डॉ परमार यूनिवर्सिटी नौणी में चल रहे प्रथम हिमाचल (बॉयज) एनसीसी बटालियन सोलन के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में रविवार को कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों में भाग लिया। दिनभर आयोजित कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता तथा रक्षा सेवाओं के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। शिविर के दौरान प्रशासनिक अधिकारी कर्नल ए.एस. सिद्धू ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) युवाओं के लिए भारतीय सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और शारीरिक फिटनेस को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के साथ-साथ राष्ट्र सेवा के लिए भी तैयार करता है। दिनभर आयोजित गतिविधियों में कैडेट्स ने ड्रिल अभ्यास के माध्यम से अनुशासन, समन्वय और टीम भावना का प्रदर्शन किया। इसके अलावा .22 राइफल ड्राई प्रैक्टिस कराई गई, जिसमें कैडेट्स को सही फायरिंग मुद्रा, हथियार संचालन तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
कैडेट्स के लिए मैप रीडिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें मानचित्र पढ़ने, दिशा निर्धारण तथा विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों में मार्ग खोजने की तकनीकों की जानकारी दी गई। वहीं रक्षा सेवाओं में प्रवेश की तैयारी को ध्यान में रखते हुए डिफेंस सर्विसेज विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनका उद्देश्य कैडेट्स की शारीरिक क्षमता, खेल भावना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना था।
दिनभर की गतिविधियों के समापन पर कैडेट्स में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। शिविर का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों तथा देश सेवा के लिए तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *