Home » Uncategorized » पेपर लीक और व्यवस्थागत भ्रष्टाचार के खिलाफ हिमाचल में उबाल; सोलन में पूर्व IAS और प्रोफेसरों ने शुरू की भूख हड़ताल

पेपर लीक और व्यवस्थागत भ्रष्टाचार के खिलाफ हिमाचल में उबाल; सोलन में पूर्व IAS और प्रोफेसरों ने शुरू की भूख हड़ताल

लाइव हिमाचल/सोलन: ​देश की परीक्षा प्रणाली में बार-बार लग रहे ‘पेपर लीक’ के दाग और युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ के विरोध में आज हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर में भारी जन-आक्रोश देखने को मिला। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे प्रसिद्ध पर्यावरणविद और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए आज सोलन के चिल्ड्रन पार्क में सैकड़ों युवा, महिलाएं, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी और बुद्धिजीवी एकजुट हुए। ‘जागरूक युवा संगठन’ और ‘जागरूक नागरिक मंच’ सहित कई सामाजिक व जन संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आज यहां एक दिवसीय भूख हड़ताल और सांकेतिक धरना दिया गया।

व्यवस्थागत भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्य चेहरे आए आगे

इस व्यवस्थागत भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए समाज के प्रबुद्ध वर्ग और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने खुद मोर्चा संभाला और भूख हड़ताल पर बैठे। भूख हड़ताल पर बैठने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल हैं:

  • शरभ नेगी (पूर्व IAS अधिकारी)

  • मनोज वर्मा (वरिष्ठ अधिवक्ता)

  • विकास ठाकुर, नीतीश ठाकुर, अनिल ठाकुर

  • किरण किशोर, विजय भट्टी, धर्मपाल ठाकुर

पूर्व नौकरशाहों और शिक्षाविदों ने केंद्र सरकार को घेरा

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (IAS) शरभ नेगी और गुजरात विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर सीपी भसीन ने देश की मौजूदा परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षा रद्द होना और पेपर लीक होना अब एक मानसिक महामारी का रूप ले चुका है, जिसने देश के करोड़ों होनहार और मेहनती युवाओं को अंधकार में धकेल दिया है। धरने के दौरान सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से निम्नलिखित मांगें प्रमुखता से उठाई गईं।

  • सोनम वांगचुक के अनशन को तुरंत न्याय मिले: केंद्र सरकार बिना किसी देरी के जंतर-मंतर पर बैठे प्रदर्शनकारियों की जायज मांगों को सुने और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह दोषमुक्त बनाए।

  • फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चले मुकदमा: पेपर लीक माफिया, भ्रष्ट अधिकारियों और इस पूरे रैकेट में शामिल दोषियों के खिलाफ फास्ट-ट्रैक कोर्ट के माध्यम से ऐसी सख्त कार्रवाई की जाए जो पूरे देश के लिए नजीर बने।

  • पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित हो: राष्ट्रीय स्तर की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता बहाल की जाए ताकि किसी भी युवा के साथ अन्याय न हो।

20 जुलाई 2026 को सोलन में महा-प्रदर्शन का शंखनाद

इस आंदोलन को और धार देने के लिए आज की बैठक में एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया गया। देशव्यापी प्रदर्शन के समर्थन में आगामी 20 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे विभिन्न संगठनों द्वारा सोलन में एक विशाल और व्यापक महा-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। आंदोलनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यह लड़ाई देश के युवाओं के हक की है और इसे आगे भी उग्र रूप से जारी रखा जाएगा।

विभिन्न विचारधाराएं आईं एक मंच पर

इस संवेदनशील मुद्दे पर सोलन में तमाम राजनीतिक और सामाजिक सीमाएं टूटती नजर आईं। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आम आदमी पार्टी के राज्य अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर, नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष कुल राकेश पंत, समाजसेवी संजय शर्मा ‘हिंदवान’, जिला वार एशोसिएशन के महासचिव नितिन ठाकुर, जिला सोलन सीटू के अध्यक्ष राकेश कुमार, ऑटो रिक्शा अध्यक्ष धर्मपाल ठाकुर, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष दलीप और बीडीसी उपाध्यक्ष गोपाल सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग और पंचायत प्रतिनिधि इस धरने में शामिल हुए। सभी प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि जब तक देश के युवाओं को उनका हक और न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *