शिमला: हिमाचल प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा (डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सालय) से स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाली एक बेहद गंभीर और चिंताजनक खबर सामने आई है। अस्पताल में पिछले कई महीनों से गंभीर और नियमित बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली बेहद जरूरी जीवनरक्षक दवाइयां उपलब्ध ही नहीं हैं। आलम यह है कि शुगर (मधुमेह) को नियंत्रित करने वाली महत्वपूर्ण दवा पिछले 300 दिनों से और कोलेस्ट्रॉल कम करने की दवा पिछले 170 दिनों से अस्पताल के दवा भंडार से पूरी तरह गायब है। इसके चलते यहां आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिन्हें मजबूरन निजी मेडिकल स्टोरों से महंगे दामों पर दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। अस्पताल प्रबंधन के दावों की पोल हाल ही में सामने आई महालेखाकार (कैग) की एक ऑडिट रिपोर्ट में खुली है। इस रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल के दवा भंडार में कई अति-आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं 26 दिन से लेकर 300 दिनों तक स्टॉक से बाहर रही हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, टाइप-2 मधुमेह के लिए जरूरी ‘वोग्लिबोज’ 300 दिन, थैलेसीमिया के मरीजों के लिए आवश्यक ‘डेसिरॉक्स 250 एमजी’ 255 दिन, और हृदय रोग के जोखिम को घटाने वाली ‘फेनोफाइब्रेट’ दवा 242 दिनों से उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा, उल्टी रोकने का ‘ओन्डासेट सिरप’ 166 दिन, गंभीर रक्तस्राव को रोकने वाला ‘इंजेक्शन फैक्टर-4’ 161 दिन, गंभीर सूजन व एलर्जी की दवा ‘प्रेडनिसोलोन’ 149 दिन और जोड़ों के दर्द की दवा ‘एटोरिकॉक्सिब’ पिछले 137 दिनों से गायब है। अस्थमा के इलाज में इस्तेमाल होने वाली ‘डॉक्सोफिलिन’ भी पिछले 35 दिनों से मरीजों को नहीं मिल पा रही है। दवाओं की इस किल्लत ने उन मरीजों की जान आफत में डाल दी है जो थैलेसीमिया और हीमोफीलिया जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियों से जूझ रहे हैं। अस्पताल में शॉर्टेज का सामना कर रहीं दवाओं में से तीन दवाएं—डेसिरॉक्स 250 एमजी, डेसिरॉक्स 500 एमजी (शरीर से अतिरिक्त आयरन कम करने के लिए) और इंजेक्शन फैक्टर-4 (रक्त का थक्का जमाने के लिए)—ऐसी हैं, जो केवल सरकारी सप्लाई के तहत ही आती हैं। ये दवाइयां बाहर के किसी भी निजी मेडिकल स्टोर पर उपलब्ध नहीं होती हैं। ऐसे में इन बीमारियों से पीड़ित गंभीर मरीजों के पास निजी स्तर पर भी इन्हें खरीदने का कोई विकल्प नहीं बचा है, जिससे मरीजों के जीवन पर सीधा संकट मंडरा रहा है। इस बड़ी लापरवाही और दवाओं के टोटे के पीछे के कारणों पर बात करते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि ‘एचपीडीवीडीएमएस’ (HPDVDMS) पोर्टल पर कई बार ऑर्डर का अपने आप रद्द हो जाना, रेट कॉन्ट्रैक्ट के तहत कंपनियों के पास दवाएं उपलब्ध न होना, महंगी दवाओं की खरीद के लिए पर्याप्त बजट की कमी और सप्लाई करने वाली एजेंसियों द्वारा समय पर आपूर्ति न करना इसके मुख्य कारण रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि प्रशासन इस समस्या को दूर करने का प्रयास कर रहा है, जिसके तहत वर्तमान में कुछ दवाओं के विकल्प (अल्टरनेटिव) मरीजों को दिए जा रहे हैं और बाकी बची दवाओं की खरीद प्रक्रिया तेजी से जारी है।





