लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन में आयोजित एक जनसभा के दौरान अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने विकास कार्यों की झड़ी लगाते हुए कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की जीवन रेखा होती हैं और प्रत्येक ग्राम पंचायत तक बेहतर सड़क नेटवर्क पहुंचाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ग्राम पंचायत रौड़ी में 15 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से रौड़ी से मीरा महाजन गौशाला तक बनने वाले एम्बुलेंस मार्ग के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी और स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक तथा आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार देने के लिए सड़कों का होना बेहद आवश्यक है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए लगातार सकारात्मक कदम उठा रही है, जिसके तहत प्राकृतिक खेती से उगाई जाने वाली हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को 90 रुपए से बढ़ाकर सीधा 150 रुपए प्रति किलो किया गया है और हिमाचल देश में इतनी बड़ी बढ़ोतरी करने वाला पहला राज्य बना है। इसके साथ ही उन्होंने पशुपालकों के हित में गाय व भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि और पंजीकृत दुग्ध सहकारी संस्थाओं के लिए खरीद पर प्रोत्साहन राशि को 3 रुपए से बढ़ाकर 6 रुपए प्रति लीटर करने के ऐतिहासिक निर्णयों का जिक्र किया। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए संजय अवस्थी ने दाड़लाघाट में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए दुकानें बनाने तथा बच्चों व बुजुर्गों के लिए पुस्तकालय निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने एम्बुलैंस मार्ग डुगली के सुधारीकरण के लिए 3 लाख रुपए, अम्बुजा सीमेंट आउट गेट रौड़ी से चलाई गांव तक एम्बुलैंस मार्ग के लिए 3 लाख रुपए, फाउंटेन युवक मण्डल के भवन निर्माण के लिए 2 लाख रुपए की घोषणा की, तथा महिला मण्डल रौड़ी, खाता, बागा और फाउंटेन यूथ क्लब को 11-11 हजार रुपए की वित्तीय सहायता देने का ऐलान भी किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद लोक निर्माण, जल शक्ति व विद्युत बोर्ड सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को जनहित के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर दी-सोलन ज़िला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ सीमित के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य संगीता सोनी, ग्राम पंचायत रौड़ी की प्रधान मधुबाला, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान श्याम चौधरी, ग्राम पंचायत रौड़ी के उप प्रधान मदन शर्मा, अम्बुजा सीमेंट लिमिटेड के यूनिट हेड सुनील चौधरी, अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के प्रबंधक संजय शर्मा, बाघल लैंड लूजर ट्रक ओपरेटर सोसायटी दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, अम्बुजा-दाड़ला-कशलोग-माँगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, एसडीटीओ ट्रांसपोर्ट सोसायटी दाड़लाघाट के प्रधान राम किशन बंसल, कांग्रेस पार्टी के संजय ठाकुर, मनोज गौतम, राजेंद्र पंवर, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बलीराम कश्यप विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।





