लाइव हिमाचल/सोलन: उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल और हिमाचल प्रदेश की सर्वोच्च चोटियों में शुमार शिरगुल महाराज मंदिर, चूड़धार से इस वक्त की एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की अंधी होड़ में मंदिर की धार्मिक मर्यादा को ठेस पहुंचाने वालों पर अब प्रशासन ने पूरी तरह से शिकंजा कस दिया है। एसडीएम चौपाल एवं मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने एक बड़ा फैसला लेते हुए मंदिर परिसर और सबसे पवित्र माने जाने वाले गर्भगृह के भीतर रील बनाने, वीडियोग्राफी करने और तमाम सोशल मीडिया गतिविधियों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। दरअसल, प्रशासन के ध्यान में यह बात लाई गई थी कि कुछ लोग आस्था के इस केंद्र में आकर हुड़दंग मचा रहे हैं और मर्यादा को तार-तार कर रहे हैं। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए साफ कर दिया गया है कि यह प्रतिबंध मंदिर के पुजारियों और कर्मचारियों से लेकर आम श्रद्धालुओं और बाहरी पर्यटकों, सभी पर समान रूप से लागू होगा। बाहरी पर्यटकों, सभी पर समान रूप से लागू होगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले या चोरी-छिपे रील बनाते पकड़े जाने वाले लोगों के खिलाफ अब नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही, मानसून की दस्तक के बाद चूड़धार यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन बेहद गंभीर नजर आ रहा है। चूड़धार का रास्ता अपनी दुर्गम चढ़ाई और खतरनाक उतराई के लिए जाना जाता है, जहां बरसात के दिनों में घनी धुंध और भारी बारिश के चलते विजिबिलिटी बिल्कुल शून्य हो जाती है। खासकर सिरमौर की तरफ से आने वाले सिंगल साइड ट्रैक पर अक्सर घने कोहरे के कारण श्रद्धालुओं के रास्ता भटकने और जंगलों में गुम होने का खतरा बना रहता है। इसी जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने सभी देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय श्रद्धालुओं से भावुक अपील की है कि वे बेहद खराब मौसम या भारी बारिश के दौरान ट्रैकिंग करने की जिद न करें और मौसम पूरी तरह साफ होने पर ही अपनी यात्रा को आगे बढ़ाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या हादसे से बचा जा सके। सुरक्षा के साथ-साथ चूड़धार के संवेदनशील पर्यावरण और हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता को बचाने के लिए भी इस बार प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा लापरवाही से फेंके जाने वाले प्लास्टिक के पैकेट, खाली बोतलें और कूड़ा-कचरा वन्यजीवों और प्रकृति के लिए एक बड़ा खतरा बन चुके हैं। चूड़धार के जंगलों को इस गंदगी से बचाने के लिए अब स्थानीय प्रशासन, वन विभाग और वन्यजीव विभाग के साथ मिलकर एक साझा मोर्चा संभाल रहा है। प्रशासन ने सख्त हिदायत जारी करते हुए कहा है कि आस्था के इस सफर में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी, और यदि कोई भी व्यक्ति रास्ते में या प्रतिबंधित क्षेत्र में कचरा फैलाता हुआ पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त एक्शन लिया जाएगा।





