Home » Uncategorized » मां शूलिनी मेला 2026: सोलन में कल से विशेष यातायात व्यवस्था लागू, घर से निकलने से पहले जान लीजिए ये रूट्स

मां शूलिनी मेला 2026: सोलन में कल से विशेष यातायात व्यवस्था लागू, घर से निकलने से पहले जान लीजिए ये रूट्स

लाइव हिमाचल/प्रतिभा शर्मा/सोलन: सोलन शहर में राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला 2026 की भव्य शुरुआत होने जा रही है। आस्था और संस्कृति के इस महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। 26 जून से 28 जून तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय मेले के सफल संचालन के लिए सोलन प्रशासन ने शहर में एक विशेष यातायात प्लान लागू करने के आदेश जारी किए हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं मेला अधिकारी राहुल जैन द्वारा जारी इन निर्देशों के तहत, मेले के तीनों दिन सोलन की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित रहेगी ताकि स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। इस ट्रैफिक प्लान के अनुसार, 26 जून को माता की निकलने वाली पारंपरिक शोभायात्रा और झांकियों में शामिल गाड़ियों को छोड़कर आम जनता के लिए कई रूट बंद रहेंगे। 26 से 28 जून तक रोजाना सुबह 8 बजे से लेकर आधी रात 12 बजे तक मॉल रोड पर आपातकालीन वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार की गाड़ियों की एंट्री पर पूरी तरह बैन रहेगा। इसके साथ ही, ओल्ड डीसी ऑफिस चौक से जोनल अस्पताल चौक तक का रास्ता भी आम गाड़ियों के लिए बंद रखा जाएगा; इस मार्ग से केवल वीवीआईपी, विशेष आमंत्रित कलाकार और इमरजेंसी गाड़ियां ही गुजर सकेंगी। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए सपरून चौक और होटल द क्लिफ के पास विशेष चेक पोस्ट बनाई जा रही हैं, जहाँ से गाड़ियों की चेकिंग की जाएगी और उन्हें बाईपास पार्किंग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। मेले के दौरान बाहरी राज्यों और अन्य जिलों से आने वाले ट्रैफिक को संभालने के लिए भी प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। शिमला से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से शिमला की ओर आने-जाने वाले सभी वाहनों को मुख्य शहर के बजाय बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं, सिरमौर और राजगढ़ की तरफ से सोलन आने वाली बसों और गाड़ियों के यात्रियों को कोटलानाला चौक पर उतारा जाएगा और इन गाड़ियों को शामती की तरफ न्यू बाईपास पार्किंग में खड़ा करना होगा। देवभूमि अपार्टमेंट के पास भारी और हल्के वाहनों की नाकाबंदी रहेगी ताकि ट्रैफिक जाम न लगे। इसके अलावा, जोनल अस्पताल चौक से शामती तक सड़क किनारे किसी भी तरह की पार्किंग पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। हालांकि, प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, कानून-व्यवस्था की ड्यूटी, नगर निगम की सफाई गाड़ियों और मेला ड्यूटी में तैनात स्टिकर वाले वाहनों को इन सभी पाबंदियों से पूरी छूट रहेगी। विशेष अनुमति प्राप्त गाड़ियों के लिए सवारी उतारने और चढ़ाने की व्यवस्था एमसी पार्किंग सोलन में की गई है। थोडो ग्राउंड की तरफ भी गाड़ियों का प्रवेश भीड़ को देखते हुए ही तय किया जाएगा। जिला प्रशासन सोलन ने आम जनता, स्थानीय दुकानदारों और बाहर से आ रहे श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस विशेष यातायात व्यवस्था और नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और मेले को शांतिपूर्ण व भव्य बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *