लाइव हिमाचल/कसौली : कसौली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटबेजा और राजकीय उच्च विद्यालय गुनाई में नशा मुक्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खंड विकास अधिकारी पट्टा, कुलदीप सिंह ने उपस्थित छात्रों, अध्यापकों, अभिभावकों और ग्रामीणों को ‘चिट्टा’ (सिंथेटिक ड्रग्स) के खिलाफ सामूहिक शपथ दिलाई और इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध एक बड़ा आंदोलन चलाने का आह्वान किया। स्कूल की प्रिंसिपल मंजू बाला ने जानकारी दी कि यह ‘एन्टी चिट्टा अभियान’ सभी शिक्षण संस्थानों में 1 जून से 20 अगस्त तक चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पाठशाला में लगाए गए ‘एन्टी चिट्टा बॉक्स’ में इस नशे के कारोबार से जुड़े संदिग्ध लोगों की जानकारी बिना डरे गुप्त रूप से डाल सकते हैं। ताकि पूरे हिमाचल प्रदेश से इस जहर का खात्मा किया जा सके। इस मौके पर एसएमसी प्रधान नरेश ठाकुर और प्रिंसिपल मंजू बाला ने भी 60 प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को अपने परिवार, दोस्तों और पड़ोसियों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। नीतू राय द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में पंचायत सचिव राज कुमार शर्मा सहित विद्यालय के प्रवक्ता सुरेश कुमार, दिनेश कुमार, सरोज, उमा शंकर, ऋचा शर्मा, किरण पराशर, गोविंद राम और अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने इस अभियान को एक जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





