लाइव हिमाचल/कसौली: सोलन जिले के विकास खंड पट्टा से युवाओं के लिए एक बेहद प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां ग्राम पंचायत चढ़ियार के झांगड गांव के पंकज कुमार ने पहले ही प्रयास में भारतीय सेना की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर बतौर क्लर्क नियुक्ति पाई है। संजीव कुमार के बेटे पंकज ने साल 2022 में कोटबेजा स्कूल से बारहवीं और फिर सोलन कॉलेज से प्रथम श्रेणी में बीकॉम की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने सोलन के अजीलिट कोचिंग सेंटर से तैयारी कर सेना में जाने के अपने सपने को सच कर दिखाया। पंकज आगामी 23 जून को आर्मी कार्यालय शिमला से अपना नियुक्ति पत्र लेकर भोपाल, मध्य प्रदेश में देश सेवा की ड्यूटी जॉइन करेंगे। उनकी इस बड़ी कामयाबी पर पूरे गांव में खुशी का माहौल है और परिजनों ने अपने इष्टगुरु बाबा जवाहर सिंह महाराज हरिपुर के दरबार में नतमस्तक होकर मन्नत पूरी होने की खुशी मनाई।इस अवसर पर झांगड गांव के डॉ. भीमराव अंबेडकर युवा क्लब और मंधाला वार्ड के जिला परिषद सदस्य राज कुमार चौधरी ने पंकज को विशेष रूप से सम्मानित किया। वहीं, पंकज ने भी भारतीय सेना के माध्यम से देश सेवा का अवसर मिलने पर गर्व और खुशी ज़ाहिर की है।





