Home » Uncategorized » सोलन: कोटला में ‘शांति के लिए स्थानीय क्षमता’ पर कार्यशाला, सामाजिक जुड़ाव और सतत विकास पर दिया जोर…

सोलन: कोटला में ‘शांति के लिए स्थानीय क्षमता’ पर कार्यशाला, सामाजिक जुड़ाव और सतत विकास पर दिया जोर…

लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन जिला की ग्राम पंचायत कोटला में ‘उत्तर हिमालय क्षेत्र में सामूहिक प्रयास से सतत विकास को सुगम बनाना’ परियोजना के तहत एक विशेष और बेहद महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। लोक चेतना मंच संस्था द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम संगठनों के लगभग 62 सदस्यों ने भाग लिया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के बीच ‘शांति के लिए स्थानीय क्षमता’ यानी LCP की गहरी समझ पैदा करना था। कार्यशाला में विशेष रूप से यह सिखाया गया कि समाज में कौन से ऐसे तत्व हैं जो आपसी जुड़ाव और भाईचारे को बढ़ाते हैं, और कौन से ऐसे विभाजनकारी तत्व हैं जो विकास में बाधा बनते हैं। रिसोर्स पर्सन जिला न्यायालय सोलन से आए अधिवक्ता कमल कपूर और यूथ लीडर निशा कालरा ने सहभागियों को विस्तार से समझाया कि अक्सर हमारे आस-पास जातिगत भेदभाव, धार्मिक व राजनीतिक मतभेद और मूलभूत सुविधाओं का असमान बंटवारा ही समाज में विभाजन की दीवारें खड़ी करता है। कार्यशाला में इस बात पर गहरा मंथन हुआ कि कैसे इन विभाजनकारी तत्वों को खत्म कर, सबको साथ जोड़कर गांव और पंचायत की तरक्की के लिए एक बेहतर और मजबूत योजना तैयार की जा सकती है ताकि पूरे समाज का एक समान विकास हो सके। इस मौके पर कोटला पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान दिनेश शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यशाला के पहले सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र कंडाघाट से आई डॉक्टर सीमा ठाकुर और डॉक्टर राजेश ठाकुर की टीम ने किसानों को ‘खेत बचाव’ और आधुनिक खेती की महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में लोक चेतना मंच के प्रोग्राम एसोसिएट दीपक पोखरियाल, समन्वय समिति सदस्य निर्मल चंदेल और कम्युनिटी मोबिलाइजर चंद्रवती ने अहम भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने इस अनूठी पहल की काफी सराहना की है और माना है कि इससे सामाजिक समरसता और विकास को नया बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *