लाइव हिमाचल/सोलन/कसौली: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में सीबीएसई के तत्वावधान में हैप्पी क्लासरूम विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. संजीव मैनरा और प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को सकारात्मक, आनंदमय और तनावमुक्त शिक्षण वातावरण तैयार करने की प्रभावी रणनीतियों से अवगत कराना था। इस विशेष कार्यशाला का संचालन सीबीएसई की संसाधन व्यक्तियों कविता शर्मा और नम्रिता जेम्स द्वारा किया गया। कार्यशाला के दौरान विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों, समूह चर्चाओं और व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों के भावनात्मक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास को प्रोत्साहित करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। इसके साथ ही कक्षा में सकारात्मक संबंधों, बच्चों की सक्रिय भागीदारी और उनके समग्र कल्याण को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। यह कार्यक्रम शिक्षकों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिसके समापन पर विद्यालय परिवार ने संसाधन व्यक्तियों सहित सभी प्रतिभागियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।





