धर्मशाला: क्रिकेट प्रेमियों के लिए खूबसूरत वादियों के बीच बसे धर्मशाला से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है! हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम में 13 जून को होने वाले महा-मुकाबले के लिए टीम इंडिया वीरवार दोपहर गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंच चुकी है। एयरपोर्ट पर स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा, कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों क्रिकेट प्रेमियों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान एक क्रेजी फैन तो सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा की तरफ दौड़ पड़ा, जिससे रोहित ने भी दरियादिली दिखाते हुए हाथ मिलाया। उधर, धर्मशाला पहुंचते ही खिलाड़ियों का स्वागत पहाड़ों के सुहावने मौसम ने किया; जहां आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हो चुका है। इस हाई-प्रोफाइल मैच को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं। क्रिकेट प्रेमियों की सुरक्षा और ट्रैफिक को संभालने के लिए करीब 700 पुलिस और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है, जबकि पूरे शहर पर 280 सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को 12 सेक्टर्स में बांटा गया है, जिसमें 8 ट्रैफिक सेक्टर और स्टेडियम के भीतर 4 सेक्टर शामिल हैं। आपको बता दें कि मैच के दिन क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग पर पूरी तरह से रोक रहेगी। 13 जून को सुबह ठीक 10:30 बजे स्टेडियम के गेट दर्शकों के लिए खोल दिए जाएंगे और दोपहर 1:30 बजे मैच की पहली गेंद फेंकी जाएगी। खिलाड़ियों की बसों की आवाजाही के दौरान कुछ समय के लिए आम यातायात को रोका भी जाएगा। अगर आप भी मैच देखने स्टेडियम जा रहे हैं, तो प्रशासन का ट्रैफिक और पार्किंग प्लान ध्यान से सुन लीजिए। मैच के दिन सुबह 9 या 11 बजे से ही रूट को वन-वे कर दिया जाएगा; मटौर से चैतडू वाया बगली और धर्मशाला जाते समय शीला ढगवार रोड पूरी तरह वन-वे रहेगा। पालमपुर और कांगड़ा जाने वाली गाड़ियां भी इसी रूट से गुजरेंगी। वाहनों को खड़ा करने के लिए पुलिस मैदान धर्मशाला, सचिवालय, दाड़ी मेला मैदान, जोरावर स्टेडियम और डीआईजी कार्यालय जैसी जगहों पर पुख्ता पार्किंग बनाई गई है, जहां से दर्शकों को स्टेडियम तक लाने-ले जाने के लिए विशेष शटल बसें चलाई जाएंगी। ध्यान रहे, स्टेडियम के बाहर पुलिस की कड़ी निगरानी होगी और सघन चेकिंग के बाद ही आपको एंट्री मिलेगी।





