Home » Uncategorized » ओमान तट पर तेल टैंकर पर हमला; हिमाचल के 23 वर्षीय नाविक आदित्य शर्मा की मौत, इलाके में शोक की लहर…

ओमान तट पर तेल टैंकर पर हमला; हिमाचल के 23 वर्षीय नाविक आदित्य शर्मा की मौत, इलाके में शोक की लहर…

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। ओमान तट के पास एक तेल टैंकर पर हुए हमले में, हमीरपुर के गलोड़ क्षेत्र के रहने वाले 23 वर्षीय युवा नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई है। आदित्य इस तेल टैंकर पर डेक कैडेट के पद पर तैनात थे। जानकारी के अनुसार, ओमान तट पर अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई के दौरान ‘वैसल Settebello’ नामक इस तेल टैंकर को निशाना बनाया गया, जिससे पोत को गंभीर नुकसान पहुँचा। घटना के समय पोत पर कुल 24 चालक दल के सदस्य मौजूद थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन बदकिस्मती से, 3 लापता भारतीय क्रू सदस्यों में शामिल आदित्य शर्मा इस हादसे में अपनी जान गँवा बैठे। इस खबर के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हृदय विदारक घटना पर बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। वहीं, स्थानीय सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, आदित्य की पार्थिव देह को जल्द से जल्द स्वदेश लाने के लिए विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। आदित्य के पिता राजेश शर्मा ने सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाते हुए बताया था कि आदित्य ने इसी साल अप्रैल महीने में जहाज पर मौजूद अपने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शोषण किए जाने की शिकायत की थी, और वह इस जहाज को छोड़ना चाहता था। बहरहाल, इस असहनीय दुख की घड़ी में पूरा प्रदेश पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]