नेशनल डेस्क: वाराणसी के सारनाथ से एक सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है, जहां एक निजी नर्सिंग कॉलेज के बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका के पिता पुलिस विभाग में तैनात हैं और मूल रूप से बलिया के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच और अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए पुलिस ने दुष्कर्म और जबरन गर्भपात की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के एक सहपाठी, जो जौनपुर का रहने वाला है, को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले डेढ़ साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे और युवक के मोबाइल से कई अहम फोटो, वीडियो और चैट के रूप में साक्ष्य मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि करीब सात महीने पहले भी छात्रा का गर्भपात कराया गया था। घटना वाले दिन गर्मी की छुट्टी के कारण कॉलेज बंद था, लेकिन छात्रा अपनी मां से स्वास्थ्य शिविर में जाने की बात कहकर घर से निकली थी और साथ में दो लोगों का टिफिन भी ले गई थी। सुबह करीब 9 बजे एक इलेक्ट्रिशियन ने उसे हॉस्टल की सीढ़ियों पर गंभीर हालत में देखा, जिसके बाद उसे कॉलेज परिसर के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस पूरे मामले में कॉलेज प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था भी बड़े सवालों के घेरे में है, क्योंकि छात्रा के मिलने के करीब एक घंटे बाद तक अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस से जानकारी छिपाए रखी। फिलहाल, दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ छात्रा का पोस्टमार्टम किया है। पुलिस मृतका का गायब मोबाइल फोन ढूंढने, सीडीआर निकालने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि मौत की असली वजह और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके।





