लाइव हिमाचल/मनाली: पर्यटन नगरी मनाली से एक बेहद शर्मनाक वीडियो सामने आया है, जिसने देवभूमि को शर्मसार कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में भारी गुस्सा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक विदेशी महिला को घेरे हुए और उसके साथ अनुचित व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि या आरोपियों की पहचान को लेकर विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। लेकिन इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है। लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश अपनी सुरक्षित और शांतिपूर्ण छवि के लिए दुनिया भर में जाना जाता है, और ऐसी घटिया हरकतें राज्य के पर्यटन और छवि को गहरा नुकसान पहुँचा सकती हैं। चिंता की बात यह है कि पिछले कुछ दिनों में मनाली और कुल्लू घाटी से पर्यटकों के हुड़दंग, मारपीट और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। हालांकि, पिछले हफ्ते ही मनाली पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर शिकंजा कसा था, लेकिन इस नई घटना ने कानून-व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





