Home » Uncategorized » मंत्रियों की फौज भी नहीं बचा सकी साख; सोलन नगर निगम में बीजेपी का ‘प्रचंड बहुमत’, पहली बार संभालेगी सत्ता…

मंत्रियों की फौज भी नहीं बचा सकी साख; सोलन नगर निगम में बीजेपी का ‘प्रचंड बहुमत’, पहली बार संभालेगी सत्ता…

लाइव हिमाचल/प्रतिभा शर्मा/सोलन: हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के महादंगल में भाजपा ने तीन पर कब्ज़ा कर अपनी सियासी ताकत का लोहा मनवाया है, जबकि कांग्रेस महज़ एक पर सिमट कर रह गई है। इस बीच, सबसे बड़ा और ऐतिहासिक उलटफेर सोलन नगर निगम के दूसरे चुनाव में देखने को मिला है, जहाँ जनता ने पूरी तरह से ‘सत्ता परिवर्तन’ का फरमान सुना दिया। साल 2020-21 के पहले चुनाव में जहाँ कांग्रेस ने बाज़ी मारकर निगम पर राज किया था, वहीं इस बार भाजपा ने प्रचंड आंधी चलाते हुए 17 वार्डों में से 10 पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की और स्पष्ट बहुमत के साथ पहली बार सोलन नगर निगम की सत्ता अपने नाम कर ली। दूसरी तरफ, सत्ता गंवाने वाली कांग्रेस महज़ 6 सीटों पर सिमट कर रह गई जबकि वार्ड नंबर-3 से जीत का परचम लहराने वाले गौरव राजपूत इस पूरे सदन में एकमात्र आज़ाद (निर्दलीय) पार्षद के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। सोलन का यह नया जनादेश इस बात का गवाह है कि यहाँ की राजनीति ने करवट बदल ली है।

 

वार्ड 1 से 6 के नतीजे:

  • वार्ड नंबर-1 (देहूंघाट सपरून): यहाँ बीजेपी की नीलम ने कांग्रेस की अर्चना ठाकुर को 164 वोटों से हराया। नीलम को 694 और अर्चना को 530 वोट मिले। तथा नोटा को 09 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1233 रहा।

  • वार्ड नंबर-2 (रेलवे स्टेशन): इस वार्ड में बीजेपी की सुषमा शर्मा ने निर्दलीय उम्मीदवार रमेश चंद को बेहद करीबी मुकाबले में महज 13 वोटों से मात दी। सुषमा को 791 और रमेश चंद को 778 वोट मिले। सुनील कुमार साहनी को 110 तथा नोटा को 12 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1691 रहा।

  • वार्ड नंबर-3 (कथेड़): यहाँ एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहाँ निर्दलीय उम्मीदवार गौरव ने कांग्रेस के सरदार सिंह ठाकुर को 163 मतों से हरा दिया। गौरव को 450 वोट मिले। दीपिन बख्शी को 96, सरदार सिंह ठाकुर को 287, पियूष गर्ग को 258 तथा नोटा को 07 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1098 रहा।

  • वार्ड नंबर-4 (चम्बाघाट सलोगड़ा): बीजेपी के रोहित भारद्वाज ने कांग्रेस की संगीता ठाकुर को 213 वोटों से शिकस्त दी। रोहित को 637 और संगीता को 424 मत मिले। राकेश कुमार को 61 तथा नोटा को 12 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1134 रहा।

  • वार्ड नंबर-5 (लोअर बाजार): बीजेपी की प्रियंका ने कांग्रेस की गीतांजलि शर्मा को 200 वोटों से पराजित किया। प्रियंका को 454 वोट हासिल हुए। वहीं गीतांजलि शर्मा को 254, प्रियंका तथा नोटा को 06 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 714 रहा।

  • वार्ड नंबर-6 (जवाहर पार्क): यहाँ भी बीजेपी का दबदबा रहा। रेखा साहनी ने कांग्रेस की सत्या वर्मा को 212 वोटों से हराया। रेखा को 654 वोट मिले। कांग्रेस की प्रत्याशी सत्या वर्मा को 442 तथा नोटा को 11 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1107 रहा।

वार्ड 7 से 12 के नतीजे:

  • वार्ड नंबर-7 (ठोडो ग्राउन्ड): यहाँ कांग्रेस ने वापसी की। कांग्रेस की पूजा ने बीजेपी के अशोक ठाकुर को 168 वोटों से मात दी। पूजा को 486 मत मिले। अशोक ठाकुर को 318, मनोज कुमार को 248, मुकेश वर्मा को 81, रविन्द्र कंवर पाल को 48, राम पाल को 29 तथा नोटा को 09 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1219 रहा।

  • वार्ड नंबर-8 (शिल्ली रोड): बीजेपी के सुरेन्द्र कुमार ने कांग्रेस की पूनम ग्रोवर को एक कड़े मुकाबले में में महज 16 वोटों से हराया। सुरेन्द्र को 680 और पूनम को 664 वोट मिले। तथा नोटा को 08 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1352 रहा।

  • वार्ड नंबर-9 (मधुबन कॉलोनी): कांग्रेस की मीनाक्षी शर्मा ने बीजेपी की सलिता शर्मा को 223 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। मीनाक्षी को 637 वोट मिले। सलिता शर्मा को 414 तथा नोटा को 15 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1066 रहा।

  • वार्ड नंबर-10 (चौंरीघाटी): कांग्रेस के अंकुश सूद ने बीजेपी के वीरेन्द्र सूद को 80 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। अंकुश को 597 मत प्राप्त हुए तो वहीं वीरेन्द्र को 517 तथा नोटा को 15 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1129 रहा।

  • वार्ड नंबर-11 (डिग्री कॉलेज): बीजेपी की सरिता ने कांग्रेस की हेमा शर्मा को 130 वोटों से हराया। सरिता को 665 वोट मिले। हेमा शर्मा को 535 तथा नोटा को 19 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1219 रहा।

  • वार्ड नंबर-12 (सनी साईड): बीजेपी की प्रियंका अग्रवाल ने निर्दलीय ऊषा शर्मा को 70 वोटों से शिकस्त दी। प्रियंका को 419 वोट मिले। ईश्वर दत्ता को 335, ऊषा शर्मा को 349 तथा नोटा को 08 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1111 रहा।

वार्ड 13 से 17 के नतीजे:

  • वार्ड नंबर-13 (कलीन): कांग्रेस के नरेंद्र कुमार ने बीजेपी की मीरा आनंद को 37 वोटों से हराया। नरेंद्र को 563 वोट मिले। मीरा आनंद 526 तथा नोटा को 11 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1100 रहा।

  • वार्ड नंबर-14 (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी): यहाँ कांग्रेस की सुलक्षणा ने बीजेपी की मीना को 510 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी। सुलक्षणा को 778 वोट मिले। मीना को 268, तथा नोटा को 06 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1052 रहा।

  • वार्ड नंबर-15 (तहसील पटरार): बीजेपी के अभिषेक ने कांग्रेस के विनय भगनाल को 88 वोटों से हराया। अभिषेक को 568 मत मिले। विनय भगनाल को 480 तथा नोटा को 04 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1052 रहा।

  • वार्ड नंबर-16 (रबौण आंजी): बीजेपी की सीमा ने कांग्रेस की अनीता कुमारी को 524 वोटों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी है। सीमा को रिकॉर्ड तोड़ 878 वोट मिले। जबकि अनीता कुमारी को 354, तथा नोटा को 15 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1247 रहा।

  • वार्ड नंबर-17 (बसाल पट्टी कथेड़): आखिरी वार्ड में कांग्रेस की अरुणा ने बीजेपी की तरुणा शर्मा को 343 वोटों से पराजित किया। अरुणा को 877 वोट हासिल हुए। तरुणा शर्मा को 534 तथा नोटा को 15 मत प्राप्त हुए। यहां कुल मतदान 1426 रहा।

तो ये थे सोलन नगर निगम के सभी 17 वार्डों के सटीक और आधिकारिक नतीजे। इस चुनाव में कई जगह मुकाबला बेहद कड़ा रहा, तो कई वार्डों में उम्मीदवारों ने एकतरफा और बड़ी जीत दर्ज की है। इन चुनाव परिणामों का सबसे चौंकाने वाला और रोचक पहलू भी अब सामने आ चुका है। इस चुनाव ने सोलन की राजनीति में एक बड़ा भूचाल ला दिया है। कांग्रेस पार्टी के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं है, क्योंकि चुनाव मैदान में उतरीं कांग्रेस की दोनों पूर्व महापौरों को करारी हार का सामना करना पड़ा है। और इसी के साथ, कांग्रेस के हाथों से नगर निगम सोलन की सत्ता भी पूरी तरह फिसल गई है।

आपको याद दिला दें कि साल 2020-21 में जब इस निगम के पहले चुनाव हुए थे, तब कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की थी और उषा शर्मा तथा पूनम ग्रोवर को महापौर यानी मेयर पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन इस बार जनता का मूड बदला हुआ था। कांग्रेस ने इस चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया था। साख बचाने के लिए कांग्रेस ने अपनी आधी कैबिनेट को चुनाव मैदान में झोंक दिया था। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार को खुद चुनाव प्रभारी बनाया गया था। इतना ही नहीं, स्थानीय स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल और उनके बेटे कर्नल संजय शांडिल की प्रतिष्ठा भी सीधे तौर पर इस चुनाव से दांव पर लगी हुई थी। मगर, भारी-भरकम मंत्रियों की फौज भी कांग्रेस के इस मजबूत गढ़ को ढहने से नहीं बचा सकी। बीजेपी की इस शानदार जीत को सोलन में कांग्रेस के अभेद्य किले में एक बहुत बड़ी राजनीतिक सेंधमारी के रूप में देखा जा रहा है। इन नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि सोलन की जनता ने इस बार ‘बदलाव’ के पक्ष में खुलकर वोट किया है।अब सबकी निगाहें टिक गई हैं महापौर और उपमहापौर के आने वाले चुनाव पर, जहाँ आंकड़ों के लिहाज से भारतीय जनता पार्टी का पलड़ा बेहद भारी नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *