भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC शिमला मंडल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता सोलन के पुलिस लाइन ग्राउंड में बेहद उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हो गई है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न शाखाओं के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और प्रबंधक (कार्मिक) सुशीला नेगी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और कहा कि खेलकूद गतिविधियां न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी जोश के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन को सफल बनाने में खेलकूद आयोजन समिति के सचिव रूप लाल, तकनीकी सलाहकार प्रेम दास, धर्मपाल शर्मा, लीला दत्त, दीपक गुप्ता और तारादत्त शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों में 5,000 मीटर की दौड़ में गुरनाम सिंह प्रथम और जसप्रीत सिंह द्वितीय रहे, जबकि 800 मीटर में धर्मिन्द्र ने पहला और अनिल पांटा ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ में जसप्रीत ने प्रथम तथा रजत सकलानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि 100 मीटर की फर्राटा दौड़ में मंडी शाखा के विनीत पहले, बिलासपुर के अमित दूसरे और नालागढ़ शाखा के सचिन तीसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद में आशुतोष प्रथम और विनीत द्वितीय रहे, तो तिहरी कूद में गुरनाम ने पहला और हेम पुष्प ने दूसरा स्थान पाया। फील्ड इवेंट्स के गोला फेंक मुकाबले में बिलासपुर के गौरव शर्मा प्रथम, धर्मिन्द्र द्वितीय और पुष्कर तृतीय रहे, जबकि छक्का फेंक में पंकज और आशुतोष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाला फेंक प्रतियोगिता में पावंटा साहिब के अनिल प्रथम, बिलासपुर के पंकज द्वितीय तथा शिमला-1 के पुष्कर तीसरे स्थान पर रहे। इस मैदान पर अपना परचम लहराने वाले इन सभी विजयी खिलाड़ियों को अब जयपुर में आयोजित होने वाली उत्तर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शिमला मंडल का प्रतिनिधित्व करने का शानदार अवसर मिलेगा।





