Home » Uncategorized » गर्मी से तपते हिमाचल को मिली राहत: शिमला-मनाली में झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहावना

गर्मी से तपते हिमाचल को मिली राहत: शिमला-मनाली में झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहावना

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते तीन दिनों से जारी भीषण गर्मी और रिकॉर्डतोड़ तापमान के बाद शुक्रवार को मौसम ने करवट ले ली है। बीते 24 घंटों में जहां ऊना में सीजन का सबसे अधिक 44.3 तापमान दर्ज किया गया और शिमला का पारा 30.5तक पहुंच गया था,वहीं शुक्रवार सुबह से आसमान में छाए काले बादलों और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। राजधानी शिमला, मंडी समेत कई इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं, जबकि कांगड़ा, हमीरपुर के सुजानपुर और बड़सर में हल्की बारिश व बूंदाबांदी से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पहाड़ी क्षेत्रों में हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, अगले 48 घंटों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में ओलावृष्टि और 50 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला सहित पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इस बदलाव से प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है।

आगामी दिनों का पूर्वानुमान:

मौसम विभाग के अनुसार, 24 मई को पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कमजोर पड़ते ही मैदानी इलाकों में मौसम साफ हो जाएगा, हालांकि ऊंचे और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद, 26 मई से पूरे प्रदेश में मौसम दोबारा साफ होने लगेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी एक बार फिर लोगों को परेशान कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *