लाइव हिमाचल/शिमला: सावधान! अगर आप ब्लड प्रेशर, शुगर, मिर्गी या फिर कफ सिरप जैसी दवाएं ले रहे हैं, तो यह खबर सीधे आपकी सेहत से जुड़ी है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन यानी CDSCO के ताजा ड्रग अलर्ट में देशभर की 120 दवाओं के सैंपल क्वालिटी टेस्ट में फेल हो गए हैं, जबकि एक दवा पूरी तरह नकली पाई गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि पिछले महीनों के मुकाबले दवाएं फेल होने की रफ्तार कुछ थमी है। इस बार सबसे बड़ा झटका हिमाचल प्रदेश को लगा है, जहाँ की सबसे ज्यादा 31 दवाएं मानकों पर खरी नहीं उतरीं। इसके बाद उत्तराखंड की 24 और गुजरात की 20 दवाओं के सैंपल भी फेल मिले हैं। चिंता की बात यह है कि इन फेल दवाओं में रोजाना इस्तेमाल होने वाले 13 कफ सिरप और 18 जरूरी इंजेक्शन शामिल हैं। इसके अलावा दिल की बीमारी, ब्लड प्रेशर, शुगर, सिरदर्द और विटामिन की गोलियां भी इस लिस्ट में हैं, जो आपकी सेहत को सुधारने के बजाय बिगाड़ सकती हैं। अगर पिछले आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी में 218, फरवरी में 198 और मार्च में 141 दवाएं फेल हुई थीं, यानी दवाओं के नाम पर सेहत से खिलवाड़ का यह सिलसिला लगातार जारी है। दवा खरीदने से पहले एक बार पूरी जांच जरूर कर लें।





