लाइव हिमाचल/मंडी: हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों का बिगुल बज चुका है और सियासी पारा सातवें आसमान पर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज छोटी काशी यानी मंडी से कांग्रेस के चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज़ कर दिया। टारना माता मंदिर परिसर में जब मुख्यमंत्री पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बनता था। मंच संभालते ही मुख्यमंत्री ने सीधा दांव चला। मतदाताओं को रिझाने के लिए उन्होंने घोषणा की कि अगर नगर निगम में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए 50-50 लाख रुपए का विशेष बजट दिया जाएगा। यह महज एक वादा नहीं, बल्कि सुक्खू सरकार की स्थानीय विकास के प्रति बड़ी प्रतिबद्धता मानी जा रही है। लेकिन ये जनसभा सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं थी। मुख्यमंत्री ने पूर्व CM और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा हमला बोला। जयराम ठाकुर के ‘मेरी मंडी’ वाले बयान पर तंज कसते हुए सुक्खू ने कहा— “मंडी किसी व्यक्ति विशेष की जागीर नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर भावनात्मक राजनीति कर रहे हैं, जबकि उनकी सरकार ठोस धरातल पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली की और रुख करते हुए दिल्ली केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने 2025 की भीषण आपदा का जिक्र करते हुए याद दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 1500 करोड़ के विशेष पैकेज का वादा किया था, जो आज तक हिमाचल नहीं पहुँचा। साथ ही, रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) को बंद करने पर उन्होंने इसे प्रदेश की आर्थिक कमर तोड़ने वाला कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए ये चुनाव किसी ‘सेमीफाइनल’ से कम नहीं हैं। दिसंबर 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन के नतीजे सत्ता का मिजाज तय करेंगे। खासकर मंडी, जो जयराम ठाकुर का गृह जिला है और जहाँ पिछली बार कांग्रेस को 10 में से केवल 1 सीट मिली थी, वहाँ जीतना मुख्यमंत्री सुक्खू के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। अब देखना होगा कि क्या सुक्खू का ’50 लाख प्रति वार्ड’ वाला मास्टरस्ट्रोक मंडी में भाजपा के किले को ढहा पाएगा? या फिर जयराम ठाकुर का भावनात्मक कार्ड एक बार फिर भारी पड़ेगा? नगर निगम के ये चुनाव हिमाचल की भावी राजनीति की दिशा तय करने वाले हैं।





