लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन नगर निगम चुनाव का बिगुल बज चुका है, लेकिन वोटिंग से पहले ही मैदान में खलबली मच गई है! नामांकन की जांच यानी स्क्रूटनी के बाद एसडीएम पूनम बंसल ने वो ‘हंटर’ चलाया है जिसने कई प्रत्याशियों के सपने चकनाचूर कर दिए हैं। नामांकन पत्रों की ‘सुपर स्क्रूटनी’ के बाद चुनाव की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। एसडीएम सोलन पूनम बंसल ने कड़ा फैसला लेते हुए तीन दिग्गज प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए हैं, जबकि दो को बड़ी राहत मिली है। जबकि दो को बड़ी राहत मिली है। आइए सबसे पहले बात उनकी करते हैं जिनका चुनावी सफर शुरू होने से पहले ही थम गया।
वार्ड नंबर 10 से विवेक डोभाल का नामांकन रद्द कर दिया गया है। उन पर नगर निगम के साथ सक्रिय ठेकेदारी और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप सही पाया गया। तो वहीं दूसरी और वार्ड नंबर 3 से निर्दलीय प्रत्याशी पीयूष गर्ग को भी बड़ा झटका लगा है। उन पर आरोप है कि जिस संस्था से वे जुड़े हैं, उसने सैकड़ों वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया है। वहीं वार्ड नंबर 8 की बात करे तो यहां से ललित कौंडल का फॉर्म भी तकनीकी खामियों और अधूरे शपथ पत्र की वजह से रिजेक्ट कर दिया गया है।वहीं दूसरी ओर, दो प्रत्याशियों ने बड़ी राहत की सांस ली है। जिसमें वार्ड नंबर 16 से अनीता कुमारी के खिलाफ आशा वर्कर होने की शिकायत दर्ज की गई थी। लेकिन इस्तीफे के पुख्ता सबूत मिलने पर उनका नामांकन वैध माना गया। इसी तरह वार्ड नंबर 6 से रेखा साहनी के खिलाफ अवैध कब्जे के आरोप सबूतों के अभाव में खारिज कर दिए गए। प्रशासन के इस कड़े रुख ने साफ कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 के तहत नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी। अवैध कब्जा और सरकारी अनुबंध इस बार उम्मीदवारों के लिए गले की हड्डी बन गए हैं। अब देखना यह होगा कि इन बड़े नामों के बाहर होने के बाद इन वार्डों में जीत का सेहरा किसके सिर बंधता है। नामांकन रद्द होने से जहां कुछ प्रत्याशियों के राजनीतिक समीकरण बिगड़ गए हैं, वहीं अब मैदान में डटे उम्मीदवारों के बीच मुकाबला और भी रोचक होने की उम्मीद है। अब सभी की नजरें नाम वापसी की तिथि और अंतिम चुनावी दंगल पर टिकी हैं।





