कांगड़ा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वीरवार को कांगड़ा शहर के समीप गुप्ता गंगा में आयोजित तीन राज्यों के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे। जिसके लिए आज राहुल गांधी कांगड़ा पहुंच चुके हैं। गगल एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उनका स्वागत किया। वीरवार को पीले रंग की टीशर्ट पहने राहुल गांधी ने कई सियासी संकेत दिए हैं।
राहुल गांधी का यह दौरा खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे यहां तीन राज्यों के जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित विशेष ट्रेनिंग कैंप (जिला कांग्रेस कमेटी प्रशिक्षण शिविर) में शिरकत कर रहे हैं. आखिर ये शिवर क्यों है खास आइए जानते हैं।
हिमाचल में तीन राज्यों के जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा (गुप्त गंगा) में कांग्रेस पार्टी ने अपने सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करने के लिए 21 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजन किया गया है. इस शिविर में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब और जम्मू-कश्मीर के 80 जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज कांगड़ा पहुचे हैं, जहां वे जिलाध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे और उन्हें ‘जीत का मंत्र’ देंगे.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार सुबह लगभग 8:30 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर गग्गल हवाई अड्डा पर उतरे. गग्गल हवाई अड्डा पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सहित विभिन्न कांग्रेस नेताओं ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया. एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग द्वारा कांगड़ा स्थित यात्री निवास के लिए रवाना हुए. इसके बाद राहुल गांधी कांगड़ा के गुप्त गंगा पहुंचे, जहां वह अधिवेशन के समापन समारोह में शिरकत कर रहे हैं. पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है. राहुल गांधी के इस संवेदनशील और महत्वपूर्ण दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है. दिल्ली और धर्मशाला पुलिस के साथ-साथ एएसएल की टीमें एक्टिव हो गई हैं. एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही है.
यात्री सदन में ‘संगठन सृजन अभियान’
कांगड़ा के यात्री सदन में ‘संगठन सृजन अभियान’ के लिए मंच सजा है. आज को इसी केंद्र पर राहुल गांधी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे. इस प्रशिक्षण शिविर में तीन राज्यों के जिला अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं. राहुल गांधी इस शिविर में जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच सरकार की नीतियों को ले जाने का पाठ पढ़ाएंगे.
राहुल गांधी शाम को वापस लौटेंगे दिल्ली
प्रशिक्षण शिविर के साथ-साथ राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश में होने वाले पंचायतीराज और नगर निकायों के चुनावों को लेकर भी विशेष मंथन करेंगे. वे प्रदेश नेतृत्व से इन चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत रिपोर्ट लेंगे. दिन भर के व्यस्त कार्यक्रम और प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के बाद राहुल गांधी दोपहर 2.20 बजे यात्री निवास से प्रस्थान करेंगे. कांगड़ा एयरपोर्ट से दोपहर 3.15 बजे विमान के जरिए दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे. राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह है, क्योंकि जिला अध्यक्षों के साथ राहुल गांधी का यह संवाद आगामी सांगठनिक फेरबदल और चुनावी तैयारियों के लिहाज से निर्णायक साबित हो सकता है।





