Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ होते ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है. मंगलवार सुबह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप खिली रही, जिससे खासकर मैदानी इलाकों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 72 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है. 24 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है, जिससे गर्मी और बढ़ेगी।
25 अप्रैल से बदलेगा मौसम
हालांकि, गर्मी से राहत ज्यादा दूर नहीं है. 24 अप्रैल की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 25 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं. चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 26 और 27 अप्रैल को भी मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है. प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है. ऊना का तापमान 38.0°C पहुंच गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है. इसके अलावा शिमला में 25.4°C, सुंदरनगर में 34.3°C, भुंतर में 32.0°C और धर्मशाला में 31.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
पहाड़ों पर सुहावना मौसम, पर्यटकों की भीड़
जहां मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अभी भी सुहावना बना हुआ है. इसी वजह से देशभर से पर्यटक इन इलाकों में पहुंच रहे हैं और ठंडे मौसम का आनंद ले रहे हैं।





