Home » Uncategorized » फर्जी RC सहित इंजन और चेसिस नंबर लगाकर बेच दी चोरी की स्कॉर्पियो गाड़ी

फर्जी RC सहित इंजन और चेसिस नंबर लगाकर बेच दी चोरी की स्कॉर्पियो गाड़ी

बिलासपुर : जिला बिलासपुर में चोरी की स्कार्पियो गाड़ी को फर्जी नंबर, गलत इंजन व चेसिस नंबर और नकली रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) के आधार पर बेचकर एक व्यक्ति से करीब 14 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले का पुलिस जांच के दौरान पता चला, जिसके बाद शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घुमारवीं क्षेत्र निवासी अशोक कुमार ने बताया कि दिसंबर 2025 में उसने अराफात हुसैन नामक व्यक्ति से काले रंग की स्कार्पियो नंबर एचपी 24ई-5472 खरीदने का सौदा 14 लाख रुपये में तय किया। आरोपित खुद को सेकेंड हैंड गाड़ियों का कारोबारी बताता था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 को उसने अपने मित्र की मौजूदगी में तीन लाख रुपये नकद आरोपित को दिए, जबकि शेष राशि के लिए पंजाब नेशनल बैंक, एम्स शाखा बिलासपुर से 11.50 लाख रुपये का वाहन ऋण लिया। इसके बाद 13 जनवरी 2026 को आरोपित के कहने पर 10.50 लाख रुपये उसके बताए गए एचडीएफसी बैंक खाते में जमा करवा दिए।मामले का 28 फरवरी को उस समय मामले का पता चला जब शिमला पुलिस की जांच में संबंधित वाहन चोरी का पाया गया, जिसकी रिपोर्ट पंजाब के अमृतसर में दर्ज थी। आगे की जांच में गाड़ी के इंजन और चेसिस नंबर भी फर्जी पाए गए, जबकि प्रस्तुत आरसी भी नकली निकली। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपित ने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी कर उसे अपने जाल में फंसाया और लाखों रुपये ठग लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *